प्रधानमंत्री आवास योजना में वित्तीय अनियमितता पर बड़ी कार्रवाई

कलेक्टर अमित कुमार के निर्देशन में सचिव, रोजगार सहायक और आवास मित्र बर्खास्त
सुकमा (हिन्दसत)। जिले में शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन लगातार सख्त कदम उठा रहा है। इसी कड़ी में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) में वित्तीय अनियमितताओं के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए कई जिम्मेदारों को पद से बर्खास्त कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार विकासखंड कोंटा की ग्राम पंचायत बंडा में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत शासकीय राशि के उपयोग में अनियमितताओं की शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर अमित कुमार के निर्देशन तथा जिला पंचायत सीईओ मुकुन्द ठाकुर के मार्गदर्शन में जांच दल गठित कर पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच कराई गई। जांच में वित्तीय अनियमितताओं के तथ्य सामने आने के बाद प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है।
कार्रवाई के तहत ग्राम पंचायत बंडा के तत्कालीन सचिव कृष्ण प्रकाश सिंह (निलंबित सचिव) को पद से बर्खास्त कर दिया गया है। वहीं वर्तमान सचिव कु. गरिमा नाग और सचिव जी. लक्ष्मी को कार्य में लापरवाही न बरतने के निर्देश देते हुए अंतिम चेतावनी पत्र जारी किया गया है।
इसके अलावा ग्राम पंचायत के आवास मित्र, रोजगार सहायक तथा जनपद पंचायत कोंटा के आवास ऑपरेटर को भी पद से बर्खास्त कर दिया गया है। वहीं जनपद पंचायत कोंटा के ब्लॉक समन्वयक आवास को कलेक्टर द्वारा अंतिम चेतावनी जारी करते हुए भविष्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ग्रामीणों के अधिकारों का हनन करने या शासकीय राशि के दुरुपयोग में लिप्त किसी भी व्यक्ति को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।


