छत्तीसगढ

कांग्रेस सरकार आई तो छत्तीसगढ़ में जातिगत जनगणना – प्रियंका

राष्ट्रवादी न्यूज ऑफिस डेस्क


पॉवर कंपनी में भी पुरानी पेंशन योजना लागू होगी  

कांकेर, 6 अक्टूबर। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने शुक्रवार को यहां कहा कि भूपेश सरकार ने पेसा कानून लागू कर लोकतंत्र को मजबूत करने का काम किया है। उन्होंने छत्तीसगढ़ सरकार की तारीफों के पूल बांधे, और कहा कि कांग्रेस सरकार ने गरीब, पिछड़ों, आदिवासियों के लिए काम किया है। प्रियंका ने घोषणा की कि कांगे्रस की सरकार सत्ता में आई तो बिहार की तरह यहां पर जातीय जनगणना कराई जाएगी।

श्रीमती गांधी ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि एक समय था जब जनप्रतिनिधियों की संख्या बहुत कम थी। पांच हजार लोग ही सारे फैसले करते थे। उससे यह होता था कि जितने निर्णय लेने थे, वह सब एक जगह केन्द्रित हो जाते थे। कई ऐसे कार्य होते थे जिनके होने में बहुत समय लगता था। या कई ऐसे कार्य होते थे जिनकी जरूरत ही नहीं रहती, लेकिन इन सबमें बहुत समय लगता था। काम के लिए दिल्ली या रायपुर आना पड़ता था।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने पंचायती राज की व्यवस्था लागू की। तब यह मंशा थी कि लोकतंत्र को गांवों तक पहुंचाया जाए। इसका मतलब यह है कि जो गांव का विकास है वह गांव के प्रतिनिधि ही करे। प्रियंका ने कहा लोकतंत्र की नींव पंचायत में, गांव में, नगर पालिकाओं में बसती है। आप सबकी जिम्मेदारियां बहुत बड़ी है। मैं जानती हूं कि आप इन जिम्मेदारियों को परिश्रम से पूरा करते हैं।

उन्होंने बताया कि इंदिराजी 1972 में बस्तर आई थी। बस्तर से मेरा पुराना नाता है। इंदिराजी ने उस समय विकास कार्यों को लेकर कहा था भूपेश बघेल उसे पूरा कर रहे हैं। स्वामी आत्मानंदजी के नाम से आज प्रदेश में विद्यालय और महाविद्यालय खोले गए। बस्तर एक अंतरराष्ट्रीय नाम बन गया है। मॉडल बन गया है। आपका भरोसा हमारे साथ बना है। जब इंदिरा गांधी छत्तीसगढ़ आई थी तब उन्होंने स्वामी आत्मानंद से कहा था कि छत्तीसगढ़ में शिक्षा का विकास करना है, आज भूपेश सरकार की यह सरकार यह कार्य कर रही है। छत्तीसगढ़ की संस्कृति को बढ़ाने का काम कर रही है। बस्तर आज प्रमुख पर्यटन स्थल बन गया है। बहुत लोगों को रोजगार मिल रहा है। 60 से अधिक वनोपज समर्थन मूल्य पर खरीदे जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि सारा काम आपके क्षेत्र में हो रहा है। लोग पहले यहां आने से डरते थे। हर तरफ हिंसा, भय और उत्पीडऩ था। आज सरकार ने इस रास्ते से आपको निकाला है। जनता की भलाई के लिए नीयत जरूरी है। इंदिराजी की नीयत सही थी, इसलिए आज भी उन पर भरोसा है। बघेलजी पर भी भरोसा है क्योंकि उन्होंने सभी वर्ग के लिए काम किए हैं।

इससे पहले सीएम भूपेश बघेल ने कहा कि रमन सरकार के पास मौका था लेकिन पेसा कानून हमने लागू किया। छत्तीसगढ़ सरकार न्याय के रास्ते पर चल रही है। उन्होंने न्याय योजना का जिक्र किया। सरकार ने छत्तीसगढ़ की संस्कृति को बचाने का काम किया है। मोदी और रमन ने एनएमडीसी की खदान अडानी को दे दिया था।

बस्तर के जनप्रतिनिधियों और आप लोगों के दबाव के चलते खदान वापस किया गया। हम कमजोर जरूर हैं, पीएम बहुत ताकतवर हैं, बात सम्मान की होगी तो टकराने से पीछे नहीं रहेंगे। नगरनार को बिकने नहीं देंगे। उन्होंने पॉवर कंपनी में पुरानी पेंशन योजना लागू करने की घोषणा की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button