मध्यप्रदेश

विजय संकल्प अभियान के साथ चुनावी मैदान में उतरेगी भाजपा, अमित शाह ने ली तीन घंटा बैठक

  • भोपाल। भारतीय जनता पार्टी इस वर्ष के अंत में प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारियों को कोई कसर नहीं छोडऩा चाह रही है। इसलिए केंद्रीय गृह मंत्री और मौजूदा भारतीय राजनीति में चाणक्य कहे जाने वाले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मंगलवार रात करीब साढ़े आठ बजे भोपाल पहुंचे और सीधे प्रदेश भाजपा कार्यालय पहुंचकर रात 11:30 बजे तक बैठक ली।
  • प्रदेश भाजपा कार्यालय में मध्यप्रदेश से जुड़े राष्ट्रीय पदाधिकारियों, कोर कमेटी के सदस्यों और प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक में साफ कर दिया है कि इस बार चुनाव में किसी तरह की गलती नहीं होना चाहिए। उन्होंने पार्टी नेताओं को प्रदेश चुनाव प्रभारी भूपेंद्र यादव और सह चुनाव प्रभारी अश्विनी वैष्णव की चुनावी भूमिका से अवगत कराते हुए कहा कि पार्टी को आगामी चुनाव में जीत, जीत और जीत चाहिए। इसके लिए संगठनात्मक कायक्रम के साथ केंद्र और राज्य सरकार के काम लोगों को बताएं। बैठक में बूथ विजय संकल्प अभियान दोबारा शुरू करने का निर्णय लिया गया।

पहले भी चलाए हैं विजय संकल्प अभियान

भाजपा कुछ दिन पहले भी बूथ विजय संकल्प अभियान चला चुकी है। वर्ष 2013 और 2018 के चुनाव से पहले भी भारतीय जनता पार्टी विजय संकल्प अभियान चलाया था। इस अभियान के जरिए भाजपा गांव-गांव, जाकर जनता से संपर्क करेगी और केंद्र सरकार के नौ वर्ष के विकास और कल्याणकारी कार्यों के साथ प्रदेश सरकार के विकास और जनकल्याणकारी कार्यों को जनता को बताएंगे और भाजपा की रीति-नीति से मतदाताओं को अवगत कराते हैं और उन्हें भाजपा से जोडऩे का काम करते हैं।

शाह ने की अभियानों व कार्यक्रमों की समीक्षा

प्रदेश में भाजपा को 200 से अधिक सीटों पर विजय के लिए योजना तैयार कर उस पर अमल के लिए जुट गई है। मंगलवार को भाजपा नेताओं के साथ बैठक में अमित शाह ने 200 सीटों पर विजय हासिल करने के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए सभी नेताओं को जुट जाने और किसी भी प्रकार की गलती नहीं करने के निर्देश दिए हैं। शाह ने प्रदेश भाजपा द्वारा जनता से जुडऩे और प्रधानमंत्री के 9 वर्ष के कार्यकाल पूरा होने पर 30 मई से 30 जून तक चलाए गए अभियान की भी समीक्षा की है। इसके अलावा मोर्चा, प्रकोष्ठों के कार्यों की रिपोर्ट भी देखी है।

केंद्रीय गृह मंत्री शाह ने प्रदेश चुनाव प्रभारी और चुनाव सह प्रभारी नियुक्त होने के बाद परिचयात्मक बैठक के लिए भोपाल पहुंचे थे। शाह ने सरकार और संगठन की कमजोरियों की ओर भी इशारा कर उसे ठीक करने के निर्देश दिए हैं। बैठक के मद्देनजर भाजपा के प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव सोमवार को ही भोपाल आ गए थे। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा, केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, जलशक्ति राज्य मंत्री प्रहलाद पटेल की मौजूदगी में चुनाव कार्यक्रमों पर चर्चा करने के साथ सरकार की भावी योजनाओं और उस पर एक्शन की चर्चा की गई। भाजपा के पास प्रदेश की हर विधानसभा का फीडबैक भी है। इसलिए शाह ने विधानसभा क्षेत्रों के फीडबैक के आधार पर नेताओं के साथ आगे की रणनीति बनाने के साथ कार्य करने को कहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button