मध्यप्रदेश

9 करोड़ जनता मेरा परिवार, 60 हजार पदों पर नियुक्ति दी : मुख्यमंत्री

भोपाल। मुख्यमंत्री निवास में श्रम, आबकारी और सहकारिता विभाग के 471 कर्मचारियों को नियुक्ति-पत्र प्रदान किए गए हैं। चयनित कर्मचारियों को नियुक्ति-पत्र सौंपने के बाद उन्हें संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रदेश में एक वर्ष में 1 लाख सरकारी पदों पर भर्ती होगी, जिसमें से लगभग 60 हजार पदों पर नियुक्ति दी जा चुकी है। प्रदेश की 9 करोड़ जनता मेरा परिवार है और मैं सरकार को परिवार की तरह ही चलाने का प्रयास करता हूं।

गरीब और मजदूर हमारे लिए भगवान हैं। शासकीय सेवा में आपका चयन उनकी सेवा के लिए हुआ है। गरीब और मजदूर को सामाजिक सुरक्षा प्रदान करना, उन्हें काम का स्वस्थ और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना हमारा दायित्व है। मुख्यमंत्री चौहान ने निवास कार्यालय पर कार्यक्रम का दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया। उन्होंने नवनियुक्त शासकीय सेवकों को नियुक्ति-पत्र वितरित किए और शुभकामनाएं दी हैं। नियुक्ति-पत्र प्राप्त करने वाले कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री चौहान के साथ सेल्फी भी ली है।

शासकीय सेवा का अर्थ है जनता की सेवा, इसे अपनाएं

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि पिछली 15 अगस्त पर मैंने एक साल में एक लाख पदों पर भर्ती की बात कही थी। यह भर्ती अभियान निरंतर जारी है। अब तक 60 हजार लोगों को नियुक्ति दी जा चुकी है। आज की नियुक्तियां भी इसमें शामिल हैं। हमारी प्रतिबद्धता रही है कि पारदर्शिता, ईमानदारी और मेरिट के आधार पर शासकीय सेवा में भर्तियां हों। आप इस दायित्व का सफलतापूर्वक निर्वहन करें, यही आशीर्वाद और शुभकामनाएं हैं। ‘मेरी अपेक्षा है कि आप इस भाव से अपने दायित्वों का निर्वहन करें कि हम केवल अपने लिए नहीं, अपितु प्रदेश की जनता और प्रदेश के लिए हैं। शासकीय सेवा का अर्थ है, जनता की सेवा और प्रदेश एवं देश का विकास। इसके लिए कर्तव्य और दायित्व का भाव सदैव मन में रहना चाहिए। आप पर ही प्रदेश की प्रगति और विकास निर्भर है। आप पर ही जन-कल्याणकारी योजनाओं और कार्यक्रमों का सफल क्रियान्वयन भी निर्भर है’।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button