नए साल पर सर्दी का सितम, शीतलहर से बचने के लिए मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी

हिसार। नए साल की शुरुआत से कड़ाके की सर्दी हो रही है। जनवरी के पहले हफ्ते में दो पहाड़ों पर पश्चिमी विक्षोभ आने वाले हैं, जिससे न्यूनतम तापमान में तेजी से गिरावट होगी। इसके बाद लगभग देश के तीन चौथाई भागों में सर्द हवाओं का विस्तार हो जाएगा। जम्मू-कश्मीर से लेकर पंजाब, हरियाणा, दिल्ली एवं बिहार-झारखंड तक गलन बढ़ेगी। तेलंगाना-महाराष्ट्र तक असर देखा जाएगा।
हरियाणा में कोहरे का येलो अलर्ट
हरियाणा में हिसार, जींद, भिवानी, झज्जर, रोहतक समेत कई जिलों में सोमवार रात 12 बजे से ही गहरी धुंध छा गई। इस दौरान दृश्यता शून्य से पांच मीटर तक रह गई।
मौसम से संबंधित एजेंसी स्काइमेट ने बताया है कि पहली जनवरी से छह जनवरी के बीच उत्तर के पहाड़ों पर लगातार दो पश्चिमी विक्षोभ के आने की स्थिति बन चुकी है।
इससे हरियाणा समेत कई राज्यों में तीन से छह जनवरी के बीच वर्षा हो सकती है। इन दिनों में हरियाणा में कोहरे का यलो अलर्ट रहेगा।
हरियाणा में कोहरे-शीतलहर की चेतावनी
प्रदेश में पंचकूला, अंबाला, जींद, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, गुरुग्राम, रोहतक, मेवात, पलवल, सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी में कोहरे व शीतलहर का यलो अलर्ट जारी किया है।
शीतलहर से होगा नए साल का स्वागत
अंबाला में भी नए साल का स्वागत शीतलहर के बीच होगा। मौसम विभाग का अनुमान है कि मंगलवार और बुधवार को शीतलहर की स्थिति रहेगी। इसके बाद पांच दिनों तक आसमान में बादल छाए रहेंगे। यानी अपने वाले दिनों में ठंड से राहत मिलती दिखाई नहीं दे रही है।
सोमवार को दिन भर धुंध जैसा मौसम छाया रहा। सूर्यदेव के दर्शन नहीं हुए। अंबाला का अधिकतर तापमान भी सामान्य से 6.5 डिग्री सेल्सियस कम रिकॉर्ड हुआ है, जबकि न्यूनतम तापमान पांच डिग्री से अधिक है।