मध्यप्रदेश

विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा और कांग्रेस में रस्सा कसी

भोपाल। प्रदेश में विधानसभा चुनाव का बिगुल बज चुका है। भाजपा हारी हुई 39 विधानसभा क्षेत्रों में उम्मीदवारों की घोषणा भी कर चुकी है। वहीं कांग्रेस पार्टी भी उम्मीदवारों के नामों पर मंथन करने के लिए स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक लगातार चल रही है। प्रदेश के सत्ता पर काबिज होने के लिए भाजपा और कांग्रेस दोनों विकास, सुशासन, गरीब कल्याण और सामाजिक समरसता को लेकर जनता के बीच जा रही हैं। लेकिन महिलाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

भारतीय जनता पार्टी ने जहां महिला मतदाताओं को पार्टी से जोडऩे के लिए राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही लाड़ली बहना योजन को मास्टरस्ट्रोक के रूप में मान रही है। वहीं कांग्रेस पार्टी भी प्रदेश में सरकार बनने पर महिलाओं को 1500 रुपए महीना देने के लिए फार्म भरवा चुकी है। प्रदेश के दोनों प्रमुख राजनीतिक दल सत्ता में आने के महिला मतदाताओं को अपनी पार्टी से जोडऩे के लिए रियायतों की घोषणा कर चुके हैं और आने वाले दिनों में कुछ और घोषणाएं हो भी सकती है।

लाड़ली बहना योजना में मुख्यमंत्री ने हाल ही में 1250 रुपए महीना देने की घोषणा के साथ इसकी शुरुआत भी कर दी है। ऐसे में भारतीय जनता पार्टी की लाड़ली बहना योजना कांग्रेस की नारी सम्मान योजना पर भारी पड़ती नजर आ रही है। अब नवंबर में होने वाले विधानसभा चुनाव में महिलाओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण हो गई है। भाजपा और कांग्रेस चुनाव में महिला मतदाताओं को साधने हर संभव प्रयास कर रही है। लाड़ली बहनला योजना में महिलाओं की संख्या 1.31 करोड़ पहुंच गई है, वहीं लाड़ली बहना योजना के जवाब में कांग्रेस की घोषित नारी सम्मान योजना में अब तक 1.25 करोड़ आवेदन भरवाए जा चुके हैं। योजना में अभी आवेदन भरने का सिलसिला जारी है। चुनाव में महिला मतदाता किसका साथ देंगी, यह चुनाव परिणाम आने के बाद सामने आएगा। प्रदेश में महिला मतदाताओं की संख्या 2 करोड़ 60 लाख है, जो कुल मतदाताओं के करीब 47 प्रतिशत है।

28 जनवरी को हुई थी घोषणा

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने 28 जनवरी को नर्मदा जयंती के अवसर पर लाड़ली बहना योजना की घोषणा करते हुए कहा था कि योजना में महिलाओं को हर महीने एक-एक हजार रुपए दिए जाएंगे। सीएम शिवराज ने योजना में पात्र 1.25 करोड़ महिलाओं के खाते में 10 जून को जबलपुर से पहली किस्त के रूप में एक-एक हजार रुपए ट्रांसफर किए गए थे। साथ ही उन्होंने योजना में राशि एक हजार से बढ़ाकर क्रमश: 1250, 1500, 1750, 2000ज् होते हुए 3000 रुपए करने की घोषणा की थी। वर्तमान में इस योजना के तहत महिलाओं को 1250 रुपए देना शुरू हो चुका है। हाल में योजना में 21 एवं 22 वर्ष की 4.77 लाख महिलाएं और ट्रैक्टर स्वामी परिवार की 1.26 लाख महिलाएं शामिल होने से पात्र महिलाओं की संख्या बढ़कर एक करोड़ 31 लाख हो गई है।

योजना में एक भी फॉर्म नहीं भरा गया

भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष माया नरोलिया ने कहा, कांग्रेस की नारी सम्मान योजना में एक भी फॉर्म नहीं भरा गया है। नारी सम्मान योजना के नाम पर कांग्रेस महिलाओं को बरगलाने का काम कर रही है। भाजपा सरकार ने महिलाओं को राजनीतिक रूप से सशक्त किया ही है, लाड़ली बहना योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से भी सशक्त करेगी। योजना में राशि एक हजार बढ़ाकर क्रमश: 3000 रुपए तक की जाएगी।

कांग्रेस ने भरवाए सवा करोड़ फार्म

लाड़ली बहना योजना की काट के लिए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने गत 9 मई को नारी सम्मान योजना लॉन्च की थी। योजना में महिलाओं को हर महीने 1500 रुपए और 500 रुपए में गैस सिलेंडर देने का वादा किया गया है। मप्र कांग्रेस ने सभी कांग्रेस पदाधिकारियों, फ्रंटल ऑर्गेनाइजेशन, विधायकों और टिकट के दावेदारों को नारी सम्मान योजना में अधिक से अधिक आवेदन भरवाने का टारगेट दिया था। नेताओं से कहा गया था कि टिकट वितरण में नारी सम्मान योजना के फॉर्म को भी आधार बनाया जाएगा। इसका नतीजा यह हुआ कि योजना शुरू होने के बाद से साढ़े तीन महीने में 1.25 करोड़ आवेदन भरे जा चुके हैं। नाम पोर्टल पर अपलोड किए जा रहे हैं। योजना में आवेदन 31 अगस्त तक भरवाएं जाएंगे।

हमारे पास एक-एक महिला का रिकॉर्ड है

मप्र महिला कांग्रेस की अध्यक्ष विभा पटेल ने कहा कि मिस्ड कॉल पर फर्जी सदस्यता कराने वाली पार्टी हमें सच्चाई का पाठ पढ़ाने की कोशिश न करे। हमने तिजने भी फॉर्म भरवाए हैं, उनका पूरा रिकॉर्ड हमारे पास उपलब्ध है। योजना में आवेदन करने वाली हर महिला से मिस्ड कॉल भी कराए गए हैं। एक-एक महिला का सत्यापन कराया गया है। रहा सवाल योजना में राशि देने का, तो कांग्रेस जो वादा करती है, उसे निभाती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button