मध्यप्रदेश

रीवा में भीषण सड़क हादसा, 30 फीट गहरी खाई में गिरी कार, चार की मौत

प्रयागराज के व्यापारियों की कार मध्य प्रदेश के रीवा में 30 फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में 4 व्यापारियों की मौत हो गई। जबकि 1 गंभीर घायल हैं। उन्हें रीवा के संजय गांधी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। ये लोग प्रयागराज से 98 किमी. दूर रीवा के क्योटी वाटरफॉल में पिकनिक मनाने जा रहे थे। घटना मध्य प्रदेश स्थित रीवा के गढ़ थानाक्षेत्र में देवास गांव के पास हुई।

जानकारी के अनुसार प्रयागराज के 10 लोग 2 कार में सवार होकर क्योटी फाल के लिए निकले थे। ये सभी दोपहर करीब 1 बजे रीवा के गढ़ इलाके में देवास मोड़ पहुंचे। इसी बीच, तेज रफ्तार क्रेटा कार बेकाबू होकर पलट गई। कार सड़क किनारे सीधे 30 फीट गहरी खाई में जाकर गिरी। इससे वहां अफरा-तफरी मच गई।

खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। साथियों की मदद से सभी घायलों को सिरमौर स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। यहां डॉक्टरों ने 4 को मृत घोषित कर दिया। रीवा के एसपी विवेक सिंह ने बताया कि 1 घायल को प्रयागराज के लिए रेफर किया गया है। हादसे की खबर प्रयागराज पहुंचते ही, दोस्त और रिश्तेदार रीवा के लिए रवाना हुए। हादसे में मरने वालों में प्रापर्टी डीलर पंकज जायसवाल, गिट्‌टी सप्लायर मनीष जायसवाल, सत्यजीत चटर्जी और सुपाड़ी कारोबारी शिवम केसरवानी शामिल हैं। पंकज कीडगंज में रहता था। मनीष मुट्‌ठीगंज की बरगद वाली गली, जबकि शिवम कोठापार्चा डी रोड पर रहता था। ये तीनों अपने 7 अन्य दोस्तों के साथ पिकनिक के लिए निकले थे। 5 क्रेटा कार, जबकि बाकी दूसरी कार में सवार थे।

रीवा के संजय गांधी अस्पताल में रात करीब 9 बजे पंकज जायसवाल, मनीष जायसवाल और सत्यजीत चटर्जी के शव का पोस्टमॉर्टम किया गया। इसके बाद तीनों शवों को प्रयागराज के लिए भेज दिया गया। शिवम केसरवानी का शव फिलहाल सिरमौर सिविल अस्पताल में रखा है। जहां पोस्टमॉर्टम की तैयारी की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button