देश

समाजवादी पार्टी और आम आदमी पार्टी से करार, अब ममता-उद्धव से भी चर्चा को तैयार; अब क्यों झुकने लगी कांग्रेस…

कांग्रेस की समाजवादी पार्टी के साथ उत्तर प्रदेश में सीट शेयरिंग पर मुहर लग चुकी है।

गुरुवार को खबरें आईं कि आम आदमी पार्टी के साथ दिल्ली में भी बात बनने के करीब है। इसी बीच कहा जा रहा है कि अब कांग्रेस ने महाराष्ट्र में शिवसेना (UBT) चीफ उद्धव ठाकरे से भी बातचीत की तैयारी की है।

इसके अलावा पार्टी पश्चिम बंगाल में सीटों का नया गणित भी मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के सामने पेश कर सकती है। हालांकि, महाराष्ट्र और पश्चिम बंगाल को लेकर कांग्रेस की तरफ से आधिकारिक तौर पर कुछ नहीं कहा है।

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, नेशनल कांग्रेस के फारूक अब्दुल्ला के अलग होने के बाद विपक्षी गठबंधन INDIA की गाड़ी पटरी से उतरती नजर आ रही थी।

इसके अलावा टीएमसी, आप, सपा भी सीट बंटवारे में लगातार हो रही देरी पर प्रतिक्रिया दे रहे थे। अब तस्वीर बदलती नजर आ रही है और कांग्रेस इन विपक्षी दलों से तेजी से संपर्क साधने में जुटी हुई है।

पश्चिम बंगाल में हलचल
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, तृणमूल कांग्रेस (TMC) अब कांग्रेस के साथ सीट शेयरिंग पर चर्चा के लिए तैयार है। हालांकि, इस फॉर्मूले में बंगाल ही नहीं, बल्कि मेघालय और असम भी शामिल है।

इंडिया टुडे की रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से कहा गया है कि बंगाल में कांग्रेस के लिए टीएमसी का ऑफर बदलने की संभावनाएं कम हैं।

टीएमसी को कांग्रेस को दो लोकसभा सीटें देने की पेशकश की थी। जबकि, कहा जा रहा था कि कांग्रेस 8-10 सीटों की मांग कर रही थी।

एक रिपोर्ट के अनुसार, इसके अलावा कांग्रेस को असम में टीएमसी को 2 और मेघालय में एक सीट देनी पड़ सकती है।

उद्धव से राहुल ने की बात?
एक मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, भारत जोड़ो न्याय यात्रा को दौरान कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने उद्ध ठाकरे से फोन पर लंबी बात की है।

कहा जा रहा है कि दोनों नेताओं के बीच चर्चा करीब एक घंटे तक चली। एनडीटीवी की रिपोर्ट के अनुसार, सूत्रों का कहना है कि कांग्रेस मुंबई की 6 में से तीन लोकसभा सीटों पर लड़ना चाहती है। इनमें मुंबई दक्षिण मध्य, मुंबई उत्तर मध्य और मुंबई उत्तर पश्चिम शामिल है।

जबकि, कहा जा रहा है कि उद्धव मुंबई की चार सीटों समेत राज्य की 18 सीटों पर चुनाव लड़ना चाहते हैं। इनमें मुंबई दक्षिण, मुंबई उत्तर पश्चिम, मुंबई उत्तर पूर्व और मुंबई दक्षिण मध्य शामिल है।

AAP के साथ भी बनी बात
खबरें आईं कि दिल्ली की 7 लोकसभा सीटों पर भी कांग्रेस और आप में सहमति बन चुकी है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कांग्रेस के खाते में पूर्वी और पूर्वोत्तर दिल्ली की सीटें और चांदनी चौक की सीट आ सकती है।

खास बात है कि इससे पहले आप ने कहा था कि कांग्रेस एक भी सीट के लायक नहीं है। हालांकि, पंजाब में आप सभी 13 लोकसभा सीटों पर लड़ने की बात कह चुकी है।

हालांकि, कहा जा रहा है कि कांग्रेस ने आप को गुजरात में दो हरियाणा में एक सीट देने का फैसला किया है। वहीं, गोवा में आप ने कांग्रेस को एक सीट देने का मन बनाया है।

सपा से भी हुआ करार
इधर, उत्तर प्रदेश में भी 80 सीटों पर सपा और कांग्रेस में बात बन गई है। आंकड़े बता रहे हैं कि सपा की तरफ से दिया हुआ 17 सीटों का ऑफर कांग्रेस ने स्वीकार कर लिया है।

जबकि, अखिलेश यादव की पार्टी के खाते में 63 सीटें आईं हैं। कहा जा रहा था कि राज्य में कांग्रेस सपा से 20 सीटों की मांग कर रही थी।

यूपी में तय हुए सीट शेयरिंग फॉर्मूले के तहत कांग्रेस अमेठी, रायबरेली, कानपुर नगर, फतेहपुर सीकरी, बासगांव, सहारनपुर, प्रयागराज, महाराजगंज, अमरोहा, झांसी, बुलंदशहर, गाजियाबाद, मथुरा, सीतापुर, बाराबंकी, देवरिया और वाराणसी से चुनाव लड़ेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button