मध्यप्रदेश

कांग्रेस ने 144 प्रत्याशियों की सूची जारी की, पुराने चेहरों पर जताया भरोसा

भोपाल। मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस पार्टी ने प्रत्याशियों की पहली सूची जारी कर दी है। रविवार सुबह नवरात्र के पहले दिन कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल के हस्ताक्षर वाली 144 प्रत्याशियों की पहली सूची जारी हो गई है। इस सूची में अधिकांश पुराने चेहरों पर भरोसा जताया गया है, जिन सीटों पर प्रत्याशी उतारे गए हैं, उनमें से एक भी विधायक का टिकट नहीं काटा गया है। कुछ हारे हुए प्रत्याशियों पर फिर से दांव लगाया गया है। कांग्रेस पार्टी दो दिन में दो और प्रत्याशियों की सूची जारी कर प्रचार शुरू करने की तैयारी में है। वहीं भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस के प्रत्याशियों की सूची को परिवारवाद, दागदार और भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ी बताया है। कांग्रेस ने दिग्विजय सिंह के बेटे जयवर्धन सिंह, पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह, सज्जन सिंह वर्मा, विजय लक्ष्मी साधौ, रामनिवास रावत जैसे बड़ नेताओं को उम्मीदवार बनाया है।

बुधनी से मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के सामने विक्रम कांग्रेस उम्मीदवार बनाए गए हैं। विक्रम मस्ताल अभिनेता हैं और कुछ माह पहले ही वे कांग्रेस पार्टी में शामिल हुए हैं। वहीं नेता प्रतिप पक्ष डॉ. गोविंद सिंह को लहार, पूर्व मुख्यमंत्री के बेटे पूर्व मंत्री दीपक जोशी का नाम इस सूची में नहीं है। विधायक कांतिलाल भूरिया के स्थान पर उनके बेटे विक्रांत भूरिया को उम्मीदवार बनाया गया है। विक्रांत भूरिया 2018 में भी पार्टी के उम्मीदवार थे, लेकिन चुनाव हार गए थे। बाद में जीएस डामोर के सांसद बन जाने के बाद हुए विधानसभा के उप चुनाव में कांतिलाल भूरिया को पार्टी ने उम्मीदवार बनाया और वे चुनाव जीत गए। इधर वरिष्ठ विधायक केपी सिंह कक्का की सीट बदल दी गई है। उन्हें अब शिवपुरी से उम्मीदवार बनाया गया है।

वरिष्ठ नेता परंपरागत सीट से बने उम्मीदवार

कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं को उनकी परंपरागत सीट से ही उम्मीदवार बनाया गया है। सूची के अनुसार कांग्रेस नेता व पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह राहुल को चुरहट, दिग्विजय सिंह के छोटे भाई लक्ष्मण सिंह कौ चाचौड़ा से टिकट दिया गया है। दिग्विजय सिंह के बेटे जयवर्धन सिंह को राघौगढ़ से मैदान में उतारा गया है। जीतू पटवारी अपनी पारंपरिक सीट राऊ, सत्यदेव कटारे के बेटे हेमंत कटारे अटेर, कांतिलाल भूरिया के बेटे विक्रांत भूरिया झाबुआ से उम्मीदवार हैं।

नरोत्तम के सामने अवधेश नायक

राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ में वर्षों रहे अवधेश नायक दतिया से उम्मीवार बनाए गए हैं। अवधेश नायक को पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने कांग्रेस में शामिल कराया था। अवधेश नायक अब प्रदेश के वरिष्ठ नेता व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा के खिलाफ विधानसभा चुनाव लड़ेंगे। वहीं इंदौर-1 सीट से भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय के सामने वर्तमान विधायक संजय शुक्ला मैदान में उतरेंगे।

इन विधायकों व पूर्व विधायकों को दिया टिकट

कांग्रेस पार्टी ने वर्तमान विधायकों के साथ पूर्व विधायकों को टिकट दिया है। विधायकों में ग्वालियर दक्षिण से प्रवीण पाठक, सतना से सिद्धार्थ कुशवाह को टिकट मिला है। वहीं पूर्व मंत्री मुकेश नायक को पवई से, पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष राजेंद्र कुमार सिंह अमरपाटन से, चितरंगी से पूर्व सांसद मानिक सिंह, मऊगंज से पूर्व विधायक सुखेंद्र सिंह बन्ना को टिकट दिया गया है। पिता की मौत के बाद हुए उप चुनाव में हार चुके नितेंद्र सिंह राठौड़ को पृथ्वीपुर से उम्मीदवार बनाया गया है। चंदेरी से गोपाल सिंह चौहान को टिकट मिला है।

कांवरे, साधौ सहित 19 महिलाओं को टिकट

कांग्रेस पार्टी ने महिलाओं की भागीदारी बढ़ाते हुए 19 महिलाओं को विधानसभा का टिकट दिया है। पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष सुश्री हिना कांवरे, पूर्व मंत्री विजय लक्ष्मी साधौ, विधायक कल्पना वर्मा, पूर्व प्रत्याशी बबिता साकेत को टिकट मिला है। पूर्व मंत्री कंकर मुंजारे की पत्नी और भाजपा के पूर्व सांसद बोध सिंह भगत को भी विधानसभा का टिकट मिला है। दोनों नेता कुछ सप्ताह पहले ही कांग्रेस पार्टी में शामिल हुए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button