देश

यूपी-बिहार में सर्द हवाएं बढ़ाएंगी ठिठुरन, दक्षिण भारत में बारिश अलर्ट; आज कैसा रहेगा मौसम…

 गुजरता दिसंबर अपना असर दिखाने लगा है।

दिल्ली-एनसीआर और उत्तर भारत के कई इलाकों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। पहाड़ी इलाकों में हुई बर्फबारी से सर्द हवाएं चलने लगी हैं जिससे ठिठुरन बढ़ गई है।

ऊपर से सुबह और शाम के वक्त घना कोहना छाया रहता है जिससे आवाजाही में मुश्कलें हो रही हैं। दूसरी ओर, दक्षिण भारत में तमिलनाडु और केरल समेत कई इलाके भारी बारिश से परेशान हैं।

चेन्नई में जोरदार बरसात ने काफी तबाही मचाई है। मंगलवार को भी देश के अलग-अलग हिस्सों में कुछ ऐसे ही मौसम की मार पड़ने वाली है। चलिए हम आपको बताते हैं कि आज मौसम का हाल कैसा रहने वाला है….

दिल्ली में आज बादल छाए रहने की संभावना
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में मंगलवार को आंशिक रूप से बादल छाया रह सकता है। मौसम विभाग ने यहां सुबह में धुंध या हल्का कोहरा रहने का अनुमान जताया है।

विभाग ने कहा कि अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 22 और 6 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। इस बीच, शीतलहर ने लोगों की कंपकपी बढ़ा दी है।

दिल्ली की हवाएं काफी सर्द हो गई हैं। मालूम हो कि सोमवार को यहां न्यूनतम तापमान इस मौसम के औसत तापमान से 1 डिग्री नीचे 7.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। विभाग ने बताया कि अधिकतम तापमान 22.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

राजधानी में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 330 दर्ज किया गया, जो बहुत खराब श्रेणी में आता है।

यूपी में कैसा है मौसम का हाल
उत्तर प्रदेश की बात करें तो राजधानी लखनऊ में आज सुबह घना कोहरा छाया रहा। यूपी के तमाम इलाकों में इन दिनों सुबह और शाम के वक्त कोहरा आम बात हो गई है।

इससे लोगों को यातायात में परेशानी उठानी पड़ रही है। साथ ही सर्द हवाएं भी सितम ढा रही हैं। हालांकि, दिन में धूप जरूर खिल रही है जिससे लोगों को कंपकपी से राहत मिल जाती है।

लखनऊ में मंगलवार को न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। 

बिहार में ठंड दिखा रही तेवर
बिहार में भी ठंड ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। सुबह, शाम और रात में मौसम काफी ठंडा रहता है। हालांकि, अभी तक शीतलहर का प्रकोप उतना अधिक नहीं है।

रिपोर्ट के मुताबिक, सोमवार को 13 जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री के नीचे दर्ज हुआ। वहीं, राजधानी पटना का न्यूनतम तापमान कल 9.5 डिग्री सेल्सियस रहा।

आज यहां तापमान में कुछ सुधार हुआ है जो 15 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है। पटना मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 21 दिसंबर तक राज्य का अधिकतम तापमान 22 से 24 डिग्री के आसपास रहेगा। न्यूनतम तापमान 8 से 12 डिग्री के बीच रह सकता है।

तेलंगाना में 7 दिनों तक मौसम शुष्क रहने के आसार
तेलंगाना में अगले 7 दिनों के दौरान मौसम शुष्क बने रहने के आसार हैं। मौसम विज्ञान केंद्र (IMD) ने यह जानकारी दी। विभाग के अनुसार, तेलंगाना में पिछले 24 घंटों के दौरान मौसम शुष्क बना हुआ है।

रविवार और सोमवार की मध्य रात को सबसे कम न्यूनतम तापमान 12.7 डिग्री सेल्सियस तेलंगाना के आदिलाबाद में दर्ज किया गया। हालांकि, मंगलवार सुबह में यहां के तापमान में काफी सुधार हुआ है जो कि 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास है। 

आंध्र प्रदेश में हल्की बारिश होने के आसार
उत्तरी-दक्षिणी तटीय आंध्र प्रदेश, यानम और रायलसीमा में अलग-अलग स्थानों पर 24 दिसंबर को हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान जताया गया हैं।

आईएमडी ने बताया गया है कि उत्तरी-दक्षिणी तटीय आंध्र प्रदेश, यानम और रायलसीमा के अलग-अलग स्थानों पर अगले 6 दिनों के दौरान मौसम शुष्क रहने के अनुमान हैं। पिछले 24 घंटों के दौरान तटीय आंध्र प्रदेश और यानम में कुछ स्थानों पर बारिश हुई और रायलसीमा में मौसम शुष्क रहा।

तटीय आंध्र प्रदेश और यानम और रायलसीमा में पूर्वोत्तर मानसून कमजोर पड़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार सुबह में राज्य के ज्यादातर हिस्सों का तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आपपास बना हुआ है।  

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button