आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान से जुड़ेंगे जन-जन : विधायक चैतराम अटामी

पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की राह पर
बीजापुर (हिंदसत)। अटल सदन भाजपा कार्यालय में शुक्रवार को आयोजित प्रेस वार्ता में दंतेवाड़ा विधायक चैतराम अटामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश आत्मनिर्भर भारत के स्वप्न को साकार कर रहा है। हाल के वर्षों में जीएसटी सुधार, कर सरलीकरण और आर्थिक सुधारों से भारत विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में अग्रसर है।
अटामी ने बताया कि आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान 25 सितंबर को पं. दीनदयाल उपाध्याय जयंती से प्रारंभ होकर 25 दिसंबर को भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी जयंती तक चलेगा। अभियान के तहत “हर घर स्वदेशी, घर-घर स्वदेशी” का संदेश जन-जन तक पहुँचाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर भारत केवल आर्थिक नीति नहीं बल्कि देशभक्ति की भावना है। भारत अब रक्षा क्षेत्र में आयातक नहीं, बल्कि निर्यातक देश बन चुका है। स्वदेशी उत्पादों, स्टार्टअप्स और स्थानीय उद्योगों के बल पर भारत तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर बढ़ रहा है।
अटामी ने बस्तर की लोक कला, डोकरा, टेराकोटा, जशपुर की कॉफी और छत्तीसगढ़ के हस्तशिल्प को आत्मनिर्भर भारत के प्रतीक बताया। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि आगामी त्योहारों में स्वदेशी वस्तुओं का उपयोग कर आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करें।
इस दौरान मंडल अध्यक्ष अशोक राव, फूलचंद गागड़ा, हरिहर साहनी, कलमु राजू और हितेश साहनी मौजूद थे।