बस्तर में तैनात CRPF इंस्पेक्टर बिप्लव बने करोड़पति

KBC-17 में 1 करोड़ जीतकर रचा इतिहास, अमिताभ बच्चन ने घर डिनर पर बुलाया
बीजापुर (हिन्दसत)। अमिताभ बच्चन के लोकप्रिय क्विज़ शो कौन बनेगा करोड़पति–17 को दूसरा करोड़पति मिल गया है। बस्तर के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में नक्सल मोर्चे पर तैनात CRPF इंस्पेक्टर बिप्लव बिस्वास ने महज़ कुछ ही सेकंड में 1 करोड़ रुपये का सवाल हल कर इतिहास रच दिया।

रांची निवासी बिप्लव बिस्वास ने फास्टेस्ट फिंगर फर्स्ट जीतकर हॉटसीट तक का सफर तय किया। शो की शुरुआत में ही उन्होंने अमिताभ बच्चन से गले मिलने की इच्छा जताई, जिसे बिग बी ने सहर्ष स्वीकार किया। बातचीत के दौरान बिप्लव ने जंगलों में तैनाती के अनुभव, चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों और अपने साथी जवानों के बलिदान का भावुक जिक्र किया, जिससे पूरा स्टूडियो भावुक हो उठा।
आत्मविश्वास बना जीत की कुंजी
खेल के दौरान बिप्लव ने 5 लाख रुपये तक के सभी सवाल बिना किसी लाइफलाइन के पार कर लिए।
- 12.50 लाख के सवाल पर ऑडियंस पोल
- 25 लाख पर संकेतसूचक लाइफलाइन
- 50 लाख के सवाल में 50-50 का उपयोग किया।
इसके बाद जब 1 करोड़ रुपये का सवाल सामने आया, तो बिप्लव का आत्मविश्वास देखते ही बनता था। सवाल सुनते ही उन्होंने कहा— “मैं किसी का समय बर्बाद नहीं करूंगा,” और सीधे ऑप्शन D चुन लिया, जो बिल्कुल सही निकला।

इतिहास रचने वाला सवाल
1 करोड़ रुपये का सवाल था—
स्टैच्यू ऑफ लिबर्टी को फ्रांस से अमेरिका ले जाने वाले जहाज का नाम क्या था?
सही उत्तर— ‘इसेयर’।
बिप्लव ने बताया कि उन्हें जहाज के स्टीयरमैन का नाम तक याद था।
बिग बी हुए प्रभावित

बिप्लव की असाधारण सामान्य ज्ञान क्षमता, सादगी और विनम्रता से प्रभावित होकर अमिताभ बच्चन ने उन्हें पूरे परिवार के साथ अपने घर डिनर पर आमंत्रित किया। 1 करोड़ की इनामी राशि के साथ बिप्लव को एक कार भी दी गई।
बस्तर बीजापुर और CRPF के लिए गर्व का क्षण
वर्तमान में बीजापुर स्थित CRPF की 196वीं वाहिनी में बतौर इंस्पेक्टर तैनात बिप्लव बिस्वास इससे पहले भी इस प्रतियोगिता में शामिल होने के प्रयास कर चुके थे। उनकी इस उपलब्धि ने न सिर्फ CRPF बल्कि पूरे बस्तर बीजापुर अंचल और देश को गौरवान्वित किया है।




