Breaking News

टीबी से पोटाकेबिन छात्रा की मौत, इलाज के दौरान तोड़ा दम

12 दिसंबर से बीमार थी कक्षा 5वीं की छात्रा, एम्स रायपुर में चल रहा था इलाज

बीजापुर(हिन्दसत)। जिले के कुटरू क्षेत्र स्थित पोटाकेबिन में अध्ययनरत एक छात्रा की टीबी से मौत का मामला सामने आया है। मृतिका की पहचान पार्वती कोवासी के रूप में हुई है, जो कक्षा 5वीं की छात्रा थी। छात्रा के पिता का नाम कोसा कोवासी बताया गया है।

अधीक्षिका ममता दुर्गम ने बताया कि छात्रा 12 दिसंबर से बीमार थी। प्रारंभिक उपचार के लिए उसे कुटरू सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर मेडिकल कॉलेज डिमरापाल, जगदलपुर रेफर किया गया था। चिकित्सकों ने छात्रा के मस्तिष्क में पानी जमाव (हाइड्रोसेफेलस) होने की पुष्टि की थी। बेहतर उपचार के लिए उसे आगे एम्स रायपुर रेफर किया गया।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. बी.आर. पुजारी ने बताया कि पीड़ित छात्रा को लगभग एक माह पूर्व कुटरू अस्पताल में भर्ती किया गया था। बीमारी की गंभीरता को देखते हुए पहले बीजापुर जिला अस्पताल, फिर मेडिकल कॉलेज डिमरापाल भेजा गया। वहां से मस्तिष्क में पानी जमाव की स्थिति के कारण एम्स रायपुर रेफर किया गया।

डॉ. पुजारी के अनुसार छात्रा का डिसेंट सर्जरी (शंट सर्जरी) किया जा रहा था। प्रारंभिक जांच में ट्यूबरक्लोसिस मेनिनजाइटिस की संभावना जताई गई है। उन्होंने बताया कि छात्रा के इलाज से संबंधित सभी दस्तावेज मंगाए जा रहे हैं, ताकि पूरे प्रकरण की चिकित्सकीय समीक्षा की जा सके।

घटना के बाद पोटाकेबिन और क्षेत्र में शोक का माहौल है, वहीं स्वास्थ्य विभाग मामले की विस्तृत जांच में जुट गया है।

Related Articles

Back to top button