Breaking News

समूचे छत्तीसगढ़ व बस्तर के विकास में उड़ान के लिए बजट : श्रीनिवास राव मद्दी

प्रेसवार्ता में कहा- बजट नवोत्थान और वैश्विक भारत की प्रतिष्ठापना का वाहक

बीजापुर( हिन्दसत)। भाजपा कार्यालय बीजापुर में आयोजित प्रेसवार्ता को छत्तीसगढ़ स्टेट बेवरेज कॉर्पोरेशन के अध्यक्ष (कैबिनेट मंत्री दर्जा) एवं बीजापुर विधानसभा प्रभारी श्रीनिवासराव मद्दी ने संबोधित किया। उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तुत बजट की सराहना करते हुए इसे नवोत्थान और वैश्विक भारत की प्रतिष्ठापना का वाहक बताया।

श्रीनिवास राव मद्दी ने कहा कि इस बार का बजट केवल आंकड़ों तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें विकसित भारत-2047 का स्पष्ट विजन प्रस्तुत किया गया है। उन्होंने कहा कि यह बजट देश के अगले 25 वर्षों के विकास की दिशा तय करने वाला एक विजन डॉक्यूमेंट है, जो समावेशी विकास को मजबूत आधार देगा।

उन्होंने आगे कहा कि छत्तीसगढ़ विशेषकर बस्तर क्षेत्र के खनन-समृद्ध जिलों को इस बजट का सीधा लाभ मिलेगा।  श्री मद्दी ने बताया कि बजट को तीन विशेष कर्तव्यों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है, जो देश को आर्थिक एवं सामाजिक रूप से अधिक सुदृढ़ बनाएंगे।

प्रेसवार्ता में श्री मद्दी ने यह भी कहा कि इस बजट में 16वें वित्त आयोग की रिपोर्ट को स्वीकार किया गया है, जिसकी योजनाएं आगामी पांच वर्षों के लिए विकास की दिशा और प्राथमिकताओं को तय करेंगी।

उन्होंने विश्वास जताया कि बजट में निर्धारित लक्ष्यों के माध्यम से देश बिजली, बुनियादी ढांचे, शहरी विकास और आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्रों में अभूतपूर्व प्रगति करेगा। उन्होंने कहा कि यह बजट समावेशी विकास की ओर बढ़ता हुआ एक मजबूत और दूरदर्शी कदम है।

इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष घासीराम नाग, जिला महामंत्री संजय लुक्कड़, फूलचंद गागड़ा, जिला उपाध्यक्ष गोपाल सिंह ठाकुर, एसटी मोर्चा प्रदेश मंत्री राम राना, मंडल अध्यक्ष अशोक राव तथा पिछड़ा वर्ग मोर्चा जिलाध्यक्ष जागर लक्ष्मैया सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button