Breaking News

शासकीय पॉलीटेक्निक एवं आईटीआई बीजापुर में रक्तदान शिविर आयोजित, 11 यूनिट रक्त संग्रहित

रक्त वीर बने छात्र-छात्राएं, यूथ रेडक्रॉस के बैनर तले मानवता का संदेश

बीजापुर (हिन्दसत)।शासकीय पॉलीटेक्निक बीजापुर एवं शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था (आईटीआई) बीजापुर द्वारा भारतीय यूथ रेडक्रॉस सोसायटी के बैनर तले 11 फरवरी को रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में यूथ रेडक्रॉस सोसायटी से जुड़े छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और 11 यूनिट रक्तदान कर “रक्त वीर” बनकर जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवन रक्षक योगदान दिया।

यह रक्तदान शिविर जिला रेडक्रॉस शाखा बीजापुर तथा जिला अस्पताल बीजापुर के संयुक्त सहयोग से संपन्न हुआ। शिविर का मुख्य उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करना, युवाओं में सेवा भावना जागृत करना और समाज में मानवीय संवेदनाओं को मजबूत करना रहा।

रक्तदान करने वाले विद्यार्थियों ने कहा कि रक्तदान केवल एक सेवा नहीं, बल्कि किसी जरूरतमंद के लिए जीवनदान है। इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों ने छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा कि आज के युवा जब रक्तदान जैसे कार्यों में आगे आते हैं, तो वे समाज के लिए सच्चे रक्त वीर और जीवनदाता बन जाते हैं।

कार्यक्रम में जिला संगठक नर्वेद सिंह, डॉ. सीके राहंगडाले, प्राचार्य शासकीय पॉलीटेक्निक बीजापुर, नायक प्राचार्य शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था बीजापुर, चितरंजन लाल, प्रभारी अधिकारी रेडक्रॉस शाखा, शासकीय पॉलीटेक्निक बीजापुर सहित संस्थान के स्टाफ उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में सभी रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया तथा भविष्य में भी रक्तदान जैसे पुण्य कार्यों में सहभागिता के लिए प्रेरित किया गया। आयोजन ने यह संदेश दिया कि युवाओं का रक्तदान समाज के लिए अमूल्य योगदान है और हर रक्तदाता वास्तव में एक रक्त वीर है।

Related Articles

Back to top button