Breaking News

गंगालूर में नक्सलियों की बड़ी साजिश नाकाम, विस्फोटक बरामद; पेद्दाजोजेर में माओवादी स्मारक ध्वस्त

इरामांगी के जंगल से डेटोनेटर-जिलेटिन बरामद, कोण्डापड़गु में बीयर बोतलों में छिपे दो आईईडी निष्क्रिय

बीजापुर (हिन्दसत)। जिले में चल रहे एंटी नक्सल अभियान के तहत सुरक्षा बलों ने गंगालूर इलाके में नक्सलियों की एक बड़ी साजिश को नाकाम करते हुए विस्फोटक सामग्री बरामद की है। वहीं दूसरी ओर पेद्दाजोजेर के जंगल में माओवादियों द्वारा बनाया गया करीब 7 फीट ऊंचा स्मारक भी ध्वस्त कर दिया गया। लगातार की जा रही इन कार्रवाइयों से क्षेत्र में नक्सली गतिविधियों पर दबाव बढ़ता जा रहा है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 15 फरवरी की सुबह पुख्ता सूचना के आधार पर कावड़गांव कैंप से करीब 3.8 किलोमीटर दूर हीरमगुंडा के पास इरामांगी के घने जंगल में सीआरपीएफ की 85वीं बटालियन और स्थानीय पुलिस द्वारा संयुक्त एरिया डॉमिनेशन ऑपरेशन चलाया गया। यह अभियान वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में सहायक कमांडेंट हेमंत भट्ट के नेतृत्व में संचालित किया गया।

अभियान के दौरान तलाशी लेते समय डॉग स्क्वायड के ‘फिडल’ ने एक संदिग्ध स्थान की ओर संकेत किया। इसके बाद मौके पर बीडीडीएस टीम ने क्षेत्र को सुरक्षित कर जांच की। सुबह करीब 10 बजे वहां से सुरक्षा बलों ने दो इलेक्ट्रिक डेटोनेटर, लगभग डेढ़ किलो गन पाउडर, चार जिलेटिन रॉड और 25 से 30 मीटर कोर्डेक्स वायर बरामद किया। सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि नक्सली सुरक्षा बलों को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से विस्फोटक जाल बिछाने की तैयारी में थे, लेकिन जवानों की सतर्कता से उनकी योजना विफल हो गई।

इसी कड़ी में गंगालूर थाना क्षेत्र के पेद्दाजोजेर जंगल में डीआरजी, एसटीएफ और कोबरा 202 की संयुक्त टीम ने एरिया डोमिनेशन के दौरान माओवादियों द्वारा बनाया गया करीब 7 फीट ऊंचा स्मारक गिरा दिया। बताया जा रहा है कि माओवादी इस तरह के स्मारकों के जरिए इलाके में डर और प्रभाव का माहौल बनाने की कोशिश करते हैं, जिसे समाप्त करने के उद्देश्य से इसे ध्वस्त किया गया।

वहीं दूसरी ओर भोपालपटनम थाना क्षेत्र के कोण्डापड़गु जंगल में केरिपु 214 की टीम डिमाइनिंग अभियान पर निकली थी। इसी दौरान जवानों को बीयर की बोतलों में छिपाकर लगाए गए दो आईईडी मिले। मौके पर मौजूद बीडीडी टीम ने सतर्कता बरतते हुए दोनों विस्फोटकों को सुरक्षित तरीके से मौके पर ही निष्क्रिय कर नष्ट कर दिया।

कार्रवाई के बाद अभियान में शामिल जवानों और अधिकारियों की सराहना करते हुए कहा कि जिले में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए संयुक्त अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नक्सलियों के प्रभाव को कमजोर करने के लिए विस्फोटक जाल, छिपे हथियार और डर फैलाने वाले प्रतीकात्मक ढांचों को लगातार चिन्हित कर हटाया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button