शालेय शिक्षक संघ ने संयुक्त संचालक बस्तर संभाग को सौंपा ज्ञापन

काउंसलिंग प्रक्रिया में संशोधन सहित बस्तर की परिस्थितियों के अनुरूप नीति बनाने की मांग
बीजापुर(हिन्दसत)।छत्तीसगढ़ शालेय शिक्षक संघ, बीजापुर इकाई ने शिक्षक एलबी संवर्ग से जुड़ी विभिन्न मांगों को लेकर शिक्षा विभाग के सचिव एवं संचालक के नाम संयुक्त संचालक, शिक्षा बस्तर संभाग को ज्ञापन सौंपा।
संघ के प्रतिनिधिमंडल ने नवपदस्थ संयुक्त संचालक एच.आर. सोम से शिष्टाचार भेंट कर पुष्पगुच्छ भेंट करते हुए स्वागत किया। संभागीय प्रवक्ता एवं जिला सचिव कैलाश रामटेके के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में 13 फरवरी 2026 को जारी नए राजपत्र पर आपत्ति दर्ज कराई गई है।

संघ ने कहा कि नया राजपत्र शिक्षक एलबी संवर्ग के हितों की अनदेखी करता है, इसलिए इसे अस्वीकार्य माना गया है। पिछले वर्षों से पदोन्नत शिक्षकों की पदस्थापना काउंसलिंग के माध्यम से की जा रही है, किंतु बस्तर संभाग की विशेष परिस्थितियों को ध्यान में नहीं रखा गया।
ज्ञापन में मांग की गई है कि नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के शिक्षकों एवं नक्सल पीड़ित परिवारों के सदस्यों को काउंसलिंग प्रक्रिया में प्राथमिकता दी जाए। पंचायत शिक्षक भर्ती के दौरान सुरक्षा कारणों से ब्लॉक एवं जिला मुख्यालय में पदस्थ शिक्षकों को भी यथावत प्राथमिकता देने की बात कही गई है।
संघ ने गंभीर बीमारी से ग्रसित शिक्षकों तथा पति-पत्नी प्रकरण वाले मामलों में भी काउंसलिंग में प्राथमिकता सुनिश्चित करने की मांग उठाई। साथ ही संगठन के ब्लॉक एवं जिला पदाधिकारियों को ब्लॉक एवं जिला मुख्यालय के समीप पदस्थ करने का आग्रह किया गया।
संयुक्त संचालक श्री सोम ने प्रतिनिधिमंडल को नियमानुसार उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। प्रतिनिधिमंडल में वसीम खान, विजय चापड़ी, टिलेश्वर संगम, संपूर्णानंद चौधरी एवं बलराम कुड़ीयम सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।

