पर्यटन हब के रूप में उभर रहा मट्टीमरका

पूर्व मंत्री गागड़ा ने साय सरकार का माना आभार, कहा—सिंचाई और पर्यटन विकास से बदलेगी क्षेत्र की तस्वीर
बीजापुर (हिन्दसत)। भोपालपटनम विकासखंड के मट्टीमरका में आयोजित होली मिलन समारोह इस बार केवल पारंपरिक उत्सव तक सीमित नहीं रहा, बल्कि क्षेत्र के विकास और संभावनाओं को लेकर एक महत्वपूर्ण संदेश भी दे गया। सामाजिक सौहार्द के माहौल में आयोजित इस कार्यक्रम में पत्रकारों का डायरी और पेन भेंट कर सम्मान किया गया, जिससे आयोजन को विशेष गरिमा मिली।

समारोह का नेतृत्व पूर्व मंत्री एवं भाजपा नेता महेश गागड़ा ने किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि विष्णुदेव साय सरकार द्वारा मट्टीमरका क्षेत्र की सिंचाई परियोजना के लिए बजट आबंटन किया गया है। इससे न केवल किसानों को सीधा लाभ मिलेगा, बल्कि कृषि उत्पादन बढ़ने से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई मजबूती भी मिलेगी।उन्होंने कहा कि मट्टीमरका प्राकृतिक सौंदर्य और भौगोलिक विशेषताओं के कारण पर्यटन के लिए उपयुक्त क्षेत्र है।

सरकार की पहल से यहां सड़क, बिजली और अन्य बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। पर्यटकों के लिए होम-स्टे की व्यवस्था विकसित की जा रही है, जिससे स्थानीय परिवारों की आय में वृद्धि होगी। साथ ही युवाओं को पर्यटन गाइड के रूप में प्रशिक्षित कर रोजगार के नए अवसर सृजित किए जा रहे हैं। पूर्व मंत्री गागड़ा ने पत्रकारों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि वे समाज और शासन के बीच मजबूत सेतु का कार्य करते हैं। उनका सम्मान लोकतंत्र की सुदृढ़ परंपरा का प्रतीक है।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष जानकी कोरसा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष पेरे पुलैया, जनपद अध्यक्ष भोपालपटनम सरिता कूड़ेम, पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष श्रीनिवास मुदलियार सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता सहित पत्रकार गण मौजूद थे।



