Breaking News

बीजापुर में महीनों से नहीं मिल रहा पौष्टिक चना, गुड़ की आपूर्ति भी ठप

मार्च में कार्डधारियों को मिलेगा फरवरी-मार्च का राशन एकमुश्त, ग्रामीण क्षेत्रों में चार माह से चना और गुड़ का वितरण प्रभावित

बीजापुर(हिन्दसत)। बीजापुर जिले में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत मिलने वाले पौष्टिक चना के साथ अब गुड़ की आपूर्ति भी लंबे समय से बाधित बताई जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले करीब चार माह से अधिकांश ग्रामीण राशन दुकानों में चना नहीं मिल रहा है, वहीं गुड़ की आपूर्ति भी कई दुकानों में नहीं पहुंच पाई है। इससे गरीब परिवारों को मिलने वाला पोषण प्रभावित हो रहा है और लोगों में नाराजगी बढ़ने लगी है।

इस बीच खाद्य विभाग ने जानकारी दी है कि मार्च 2026 में राशन कार्डधारियों को फरवरी और मार्च दोनों माह का राशन एकमुश्त दिया जाएगा। शासन के निर्देशानुसार जिन हितग्राहियों को फरवरी 2026 का राशन प्राप्त नहीं हुआ है, वे इस माह अपनी संबंधित उचित मूल्य दुकान से दोनों माह का खाद्यान्न एक साथ प्राप्त कर सकते हैं।

दरअसल फरवरी माह में जिले के कई प्रदाय केन्द्रों में चावल की उपलब्धता कम होने के कारण वितरण प्रभावित हुआ था। इसके बाद नागरिक आपूर्ति निगम द्वारा उपलब्ध केन्द्रों से एलआरटी परिवहन के माध्यम से चावल की आपूर्ति कर उचित मूल्य दुकानों में भंडारण कराया जा रहा है। शेष दुकानों में खाद्यान्न भंडारण सुनिश्चित करने के लिए डीओ और टीसी की वैधता 15 मार्च 2026 तक बढ़ा दी गई है।

जिले में एनएफएसए और सीजीएफएसए राशन कार्डधारियों को चावल के अलावा राज्य योजना के तहत प्रति राशन कार्ड प्रतिमाह 2 किलो चना, 2 किलो गुड़, 1 से 2 किलो नमक और 1 किलो शक्कर वितरण का प्रावधान है। लेकिन जमीनी स्थिति यह है कि ग्रामीण क्षेत्रों में महीनों से चना और गुड़ की आपूर्ति नहीं हो पाई है। कई गांवों में राशन दुकानों में इन दोनों सामग्रियों की कमी बताई जा रही है।

खाद्य विभाग के अनुसार इन खाद्यान्नों का उपार्जन छत्तीसगढ़ स्टेट सिविल सप्लाईज कार्पोरेशन द्वारा किया जाता है। खरीद प्रक्रिया या अन्य अपरिहार्य कारणों से कभी-कभी सामग्री की आपूर्ति में विलंब हो जाता है, जिससे राशन दुकानों में समय पर भंडारण नहीं हो पाता और वितरण प्रभावित होता है।

जिला प्रशासन ने अपील की है कि जिन राशन कार्डधारियों को फरवरी माह का राशन नहीं मिला है, वे संबंधित शासकीय उचित मूल्य दुकान से फरवरी और मार्च दोनों माह का खाद्यान्न एक साथ प्राप्त कर सकते हैं।

Related Articles

Back to top button