कृषि विकास की नई रणनीति पर मंथन, बैराज निर्माण और सिंचित क्षेत्र बढ़ाने पर जोर

कृषक कल्याण परिषद अध्यक्ष सुरेश कुमार चन्द्रवंशी ने अधिकारियों की बैठक लेकर योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के दिए निर्देश
बीजापुर (हिन्दसत)। जिले में कृषि एवं समवर्गीय विभागों की गतिविधियों को सुदृढ़ करने और किसानों की आय बढ़ाने के उद्देश्य से कृषि विज्ञान केन्द्र, बीजापुर में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में छत्तीसगढ़ राज्य कृषक कल्याण परिषद के अध्यक्ष एवं राज्य मंत्री दर्जा प्राप्त सुरेश कुमार चन्द्रवंशी ने अधिकारियों के साथ कृषि विकास की नई रणनीति पर विस्तार से चर्चा की।

बैठक में कृषि, पशुपालन, मछली पालन और उद्यानिकी विभाग के अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों की योजनाओं और उनके विस्तार की संभावनाओं पर जानकारी साझा की। इस दौरान कृषि विभाग के उप संचालक पीएस कुशरे, कृषि विज्ञान केन्द्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख अरुण सकनी, पशुधन विकास विभाग के उप संचालक राजीव वर्मा, सहायक संचालक उद्यान रामचन्द्र राव तथा मछली पालन विभाग के अधिकारी दामोदर यालम सहित अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में आधुनिक कृषि तकनीकों के उपयोग, किसानों को शासकीय योजनाओं का अधिकतम लाभ दिलाने तथा पशुपालन, मछली पालन और उद्यानिकी को आय के अतिरिक्त स्रोत के रूप में विकसित करने पर जोर दिया गया। साथ ही जिले में बहने वाली नदियों पर बैराज निर्माण की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई, जिससे सिंचाई सुविधाओं का विस्तार कर अधिक कृषि भूमि को सिंचित किया जा सके।
कृषक कल्याण परिषद अध्यक्ष सुरेश कुमार चन्द्रवंशी ने अधिकारियों को विभागीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और किसानों तक अधिकतम लाभ पहुंचाने के लिए आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।



