इंद्रावती नदी से अवैध रेत उत्खनन पर उठे सवाल, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग

पूर्व जिला पंचायत सदस्य बसंत ताटी बोले—खनिज विभाग और स्थानीय नेताओं के संरक्षण में चल रहा अवैध उत्खनन
बीजापुर (हिन्दसत)। जिले के जनपद पंचायत भोपालपटनम क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत लिंगापुर से होकर बहने वाली इंद्रावती नदी में अवैध रेत उत्खनन का मामला सामने आया है। इस संबंध में पूर्व जिला पंचायत सदस्य बसंत राव ताटी ने प्रशासन से दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

बसंत ताटी ने आरोप लगाया कि एक सड़क निर्माण से जुड़े ठेकेदार द्वारा ग्राम पंचायत की अनुमति के बिना रात के समय नदी में मशीन लगाकर बड़े पैमाने पर रेत का अवैध उत्खनन किया गया। उन्होंने बताया कि पोखलेन मशीन की मदद से नदी तट को काटकर रास्ता बनाया गया और फिर हाईवा वाहनों के माध्यम से रेत को ग्राम पंचायत मुख्यालय वरदली में ले जाकर भंडारित किया गया।

उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले में संबंधित विभाग की निष्क्रियता के कारण अवैध उत्खनन को बढ़ावा मिल रहा है। ताटी ने प्रशासन से मांग की कि वरदली में अवैध रूप से जमा की गई रेत को तत्काल जब्त किया जाए और मामले की जांच कर दोषी ठेकेदार के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज किया जाए।
साथ ही अवैध उत्खनन में उपयोग किए गए मशीन और हाईवा वाहनों को भी जब्त कर कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की गतिविधियों पर रोक लग सके।


