बस्तर सांसद महेश कश्यप ने बकावंड क्षेत्र में करोड़ों के विकास कार्यों का किया भूमिपूजन

छात्रावास और स्कूल भवन की रखी आधारशिला, राजनगर-पाउरबेल में बाली उत्सव में भी हुए शामिल
जगदलपुर/बीजापुर (हिन्दसत)। बस्तर लोकसभा क्षेत्र के सांसद महेश कश्यप शनिवार को विकासखंड बकावंड के ग्राम कोसमी, राजनगर, बोरीगांव और पाउरबेल के एक दिवसीय सघन दौरे पर रहे। उनके आगमन पर क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला। विभिन्न ग्रामों में ग्रामीणों और पारंपरिक लोक कलाकारों ने गाजे-बाजे के साथ उनका आत्मीय स्वागत किया। पुष्पहार और पारंपरिक तिलक लगाकर ग्रामीणों ने अपने जनप्रतिनिधि का अभिनंदन किया।

दौरे के दौरान सांसद कश्यप ने क्षेत्र में शिक्षा और बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के उद्देश्य से करोड़ों रुपये की लागत वाले विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन और शिलान्यास किया। उन्होंने ग्राम कोसमी और तोंगकोंगेरा में 100-100 सीटर प्री-मैट्रिक छात्रावास भवनों का भूमिपूजन किया। इन छात्रावासों के निर्माण से दूर-दराज और वनांचल क्षेत्रों के विद्यार्थियों को बेहतर आवासीय सुविधा के साथ पढ़ाई का अनुकूल वातावरण मिल सकेगा।

इसके अलावा ग्राम बोरीगांव में हाई स्कूल भवन निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया, जिससे क्षेत्र के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए बेहतर अवसर मिलेंगे।
सांसद कश्यप ने क्षेत्र की सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण को भी प्राथमिकता देते हुए ग्राम राजनगर में बाली उत्सव के लिए विशेष मंच निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। साथ ही उन्होंने राजनगर और पाउरबेल में आयोजित बाली उत्सव में शामिल होकर स्थानीय देवी-देवताओं की पूजा-अर्चना की और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि विकास केवल भौतिक संसाधनों तक सीमित नहीं है, बल्कि बस्तर की समृद्ध देव-परंपरा और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखना भी उतना ही महत्वपूर्ण है।



