Breaking News

बंद पड़े तेंदूपत्ता फड़ों को पुनः खोलने की मांग, कांग्रेस ने मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन

टिंडोली समिति क्षेत्र के कई गांवों में वर्षों से बंद फड़ों के कारण ग्रामीणों की आजीविका प्रभावित, मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी

बीजापुर/ भैरमगढ़ (हिन्दसत)। बस्तर में “हरा सोना” कहे जाने वाले तेंदूपत्ता को लेकर बीजापुर जिले के भैरमगढ़ विकासखंड में बंद पड़े तेंदूपत्ता फड़ों को पुनः खोलने की मांग उठने लगी है। इस संबंध में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी भैरमगढ़ ने मुख्यमंत्री के नाम अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) भैरमगढ़ को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में क्षेत्र के आदिवासी एवं ग्रामीण परिवारों की आजीविका पर इसके गंभीर प्रभाव का उल्लेख किया गया है।

ज्ञापन में बताया गया है कि भैरमगढ़ क्षेत्र में कई तेंदूपत्ता फड़ (संग्रहण केंद्र) पिछले कई वर्षों से बंद पड़े हैं। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने कहा कि विकासखंड भैरमगढ़ के गरीब ग्रामीण और आदिवासी मुख्य रूप से तेंदूपत्ता संग्रहण पर निर्भर रहते हैं। इसके अलावा महुआ, टोरा, इमली और हरा चिरौंजी जैसी लघु वनोपज एकत्र कर बेचने से उनकी आजीविका चलती है।

कांग्रेस नेताओं के अनुसार भैरमगढ़ ब्लॉक के टिंडोली समिति के अंतर्गत आने वाले गांवों—विरियामूमि, डालेर, हिंगुम, आड़वाड़ा, जारामोनिया, गुडरा, किसकल, कोलनार और जपील—में तेंदूपत्ता फड़ बंद होने से ग्रामीणों को आर्थिक नुकसान हो रहा है। फड़ बंद रहने के कारण ग्रामीण तेंदूपत्ता तोड़कर बेच नहीं पा रहे हैं, जिससे उनकी आय का प्रमुख स्रोत प्रभावित हो गया है।

ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने मुख्यमंत्री के नाम एसडीएम भैरमगढ़ को सौंपे गए ज्ञापन में चार प्रमुख मांगें रखी हैं। इनमें बंद पड़े तेंदूपत्ता फड़ों को तत्काल पुनः शुरू करने, भैरमगढ़ के टिंडोली समिति क्षेत्र में तेंदूपत्ता की खरीदी शुरू करने, तेंदूपत्ता की खरीदी को शासकीय व्यवस्था से हटाकर ठेकेदारी प्रणाली से कराने तथा महुआ, टोरा और इमली जैसी लघु वनोपज के समर्थन मूल्य में वृद्धि करने की मांग शामिल है।

कांग्रेस पदाधिकारियों ने कहा कि यदि बंद पड़े तेंदूपत्ता फड़ों को शीघ्र पुनः प्रारंभ नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में आंदोलन किया जाएगा।

इस दौरान जिला पंचायत सदस्य लच्छू राम मोडियाम, जिला कांग्रेस महामंत्री सुखदेव नाग, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष नकुल सिंह ठाकुर, पूर्व जिला पंचायत सदस्य पार्वती कश्यप, ब्लॉक कांग्रेस महामंत्री जगदेव यादव, युवा कांग्रेस अध्यक्ष रतन कश्यप सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button