Breaking News

बीजापुर में 7 अप्रैल को होगा बाबा चिकटराज मेला, बच्चों के लिए विशेष झूले का आकर्षण

सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, लाइटिंग, पेयजल और व्यापार के लिए व्यापक कार्य योजना

बीजापुर (हिन्दसत)। जिले में प्रतिवर्ष आयोजित होने वाला पारंपरिक बाबा चिकटराज देव मंड़ई (मेला) इस वर्ष 7 अप्रैल 2026, मंगलवार को आयोजित किया जाएगा। आयोजन को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के जुटने की संभावना है।

मेला समिति के अनुसार चार दिवसीय आयोजन की शुरुआत 5 अप्रैल से होगी। पहले दिन विभिन्न गांवों से आमंत्रित देवी-देवताओं का आगमन और चिकटराज देव से उनका पारंपरिक मिलन होगा। 6 अप्रैल को तहसील कार्यालय में पारंपरिक निरीक्षण एवं नृत्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। 7 अप्रैल को मुख्य मंड़ई (देव खेलनी) और 8 अप्रैल को देवताओं की विदाई होगी।

मेला में गुज्जा देव (पोटेनार), तुलडोकरी, मारा मुयतो, कनपराज देव, पोतराज देव, नंगो-भीमा, हिरमाराज सहित आसपास के कई गांवों के देवी-देवता शामिल होंगे।

मेला समिति ने बताया कि बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को ध्यान में रखते हुए पेयजल सहित सभी आवश्यक सुविधाओं के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। मेला स्थल पर व्यवसायिक प्रतिष्ठानों को सुव्यवस्थित रखने, भीड़ नियंत्रण के लिए विशेष कार्य योजना तैयार की गई है। रात्रिकालीन उजाले के लिए पर्याप्त लाइटिंग की व्यवस्था की जा रही है तथा सुरक्षा के लिए स्थानीय पुलिस प्रशासन की तैनाती रहेगी।

बच्चों के लिए रहेगा विशेष आकर्षण

मेला में बच्चों के मनोरंजन के लिए विभिन्न प्रकार के झूले भी लगाए जा रहे हैं, जिससे मेले की रौनक और बढ़ेगी। आयोजन की जानकारी मेघनाथ मांझी, सागर पुजारी सहित अन्य पारंपरिक पदाधिकारियों ने दी और सभी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है।

Related Articles

Back to top button