डॉ भीमराव अंबेडकर जयंती की तैयारियां हुई तेज, सर्व समाज मिलकर करेगा भव्य आयोजन

बैठक में बनी रूपरेखा—रैली, सांस्कृतिक कार्यक्रम और मेधावी छात्रों के सम्मान का निर्णय
बीजापुर (हिन्दसत)। संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अम्बेडकर जयंती को हर्षोल्लास के साथ मनाने को लेकर सर्व समाज की बैठक अंबेडकर भवन, बीजापुर में संपन्न हुई। बैठक में विभिन्न समाजों के प्रतिनिधियों ने भाग लेकर कार्यक्रम को भव्य और समावेशी बनाने पर विस्तार से चर्चा की।
बैठक में गोंडवाना समन्वय समिति के अध्यक्ष अमित कोरसा ने अंबेडकर जयंती की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने सुझाव दिया कि इस अवसर पर उत्पीड़ित समुदाय के प्रतिभावान छात्रों का सम्मान भी किया जाए, जिससे उन्हें प्रोत्साहन मिल सके।

परधान समाज के प्रतिनिधि राकेश गिरी ने बाबा साहब द्वारा वंचित वर्गों के उत्थान के लिए किए गए कार्यों का उल्लेख करते हुए समाज के सभी वर्गों से सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की। बैठक को कंवर समाज के अध्यक्ष कमलेश पैंकरा, मुस्लिम समाज प्रमुख अय्यूब खान, कुड़ुख उरांव समाज के ज्यूलियस तिर्की, तेलगा समाज के अध्यक्ष आदिनारायण पुजारी, मरार समाज के सुदेश कुमार सहित महार समाज के प्रतिनिधियों ने भी संबोधित किया।
बैठक में आयोजन समिति के गठन का निर्णय लिया गया तथा 14 अप्रैल को आयोजित होने वाले कार्यक्रम का विस्तृत रोडमैप तैयार किया गया। इसमें आमसभा, संबोधन, भव्य रैली और सांस्कृतिक कार्यक्रम शामिल रहेंगे। सर्व समाज प्रमुखों ने निर्णय लिया कि आगामी 31 मार्च को दोपहर 3 बजे आयोजित बैठक में आयोजन समिति का गठन कर जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी।
इस दौरान रैमनदास झाड़ी, कमलदास झाड़ी, कैलाश रामटेके, सतीश झाड़ी, अजय दुर्गम, निर्मल जुमडे, सतीश मांडवी, विजय झाड़ी, सुरेश परतागिरी, डी. नागेश सहित अन्य सामाजिक पदाधिकारी मौजूद थे।

