NH-30 पर दर्दनाक हादसा: मजदूरों से भरी बोलेरो नाले में गिरी, महिला की मौत

13 घायल, 6 की हालत गंभीर; मिर्ची तोड़ाई से लौट रहे थे मजदूर, चिंतूर मंडल में देर रात हुआ हादसा
सुकमा/भद्राचलम (हिन्दसत)। राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर चिंतूर मंडल के बोड्डुगुड़ेम के पास देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर कल्वर्ट से टकराया और नाले में जा गिरा।
इस हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 13 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल एदुगुरालपल्ली अस्पताल में भर्ती कराया गया। इनमें से 6 की हालत नाजुक होने पर उन्हें बेहतर उपचार के लिए भद्राचलम क्षेत्रीय अस्पताल रेफर किया गया है।

जानकारी के अनुसार सभी घायल छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले के कटेकल्याण क्षेत्र के निवासी हैं। वे एटापाका मंडल के मुरुमुरु गांव में मिर्ची तोड़ाई के कार्य के लिए गए थे और वापस लौटते समय यह हादसा हुआ।
जानकारी के मुताबिक धान कटाई के बाद इस इलाके से बड़ी संख्या में मजदूर मिर्ची तोड़ाई के लिए तेलंगाना और आंध्रप्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में जाते हैं। तेंदूपत्ता सीजन शुरू होने से पहले ये मजदूर अपने गांव वापस लौटते हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


