वैश्विक मुद्दों के बीच स्थानीय सवालों की गूंज, बैठक में बदला चर्चा का रुख

पेट्रोल-डीजल, गैस आपूर्ति और अफवाहों पर बैठक; मटन-चिकन कीमत व नाली सफाई पर भी उठे सवाल
बीजापुर (हिन्दसत)। पश्चिम एशिया में चल रहे युद्ध, उसके संभावित आर्थिक प्रभाव और जिले में पेट्रोल-डीजल सहित रसोई गैस की उपलब्धता व अफवाहों के रोकथाम को लेकर आयोजित प्रशासनिक बैठक उस समय अलग मोड़ लेती नजर आई, जब कुछ पत्रकारों ने स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाना शुरू कर दिया।

जिला कलेक्टर संबित मिश्रा, एसपी डॉ. जितेंद्र यादव, जिला पंचायत सीईओ नम्रता चौबे, अपर कलेक्टर भूपेंद्र अग्रवाल, एएसपी चंद्रकांत गवर्ना, एसडीएम जागेश्वर कौशल समेत खाद्य, स्वास्थ्य और अन्य विभागों के अधिकारियों की मौजूदगी में आयोजित इस बैठक का मुख्य उद्देश्य अंतरराष्ट्रीय हालात के बीच आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति, अफवाहों की रोकथाम और प्रशासनिक तैयारियों की समीक्षा करना था।
बैठक के दौरान कुछ पत्रकारों ने मटन-चिकन की बढ़ती कीमतों, लोहा डोंगरी की अव्यवस्थाओं के साथ शहर की सफाई व्यवस्था विशेषकर नालियों की स्थिति को लेकर सवाल उठाए। इस पर कलेक्टर संबित मिश्रा ने स्पष्ट किया कि नाली सफाई जैसे विषय नगरीय प्रशासन के अंतर्गत आते हैं। उन्होंने मौके पर मौजूद नगर पालिका परिषद के सीएमओ को तत्काल संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने यह भी जानकारी दी कि जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों की उपलब्धता पर्याप्त है। रिफिलिंग की समय सीमा सामान्य उपभोक्ताओं के लिए लगभग 25 दिन तथा उज्ज्वला योजना के हितग्राहियों के लिए 45 दिन निर्धारित है। 28 मार्च के बाद से व्यावसायिक सिलेंडरों की आपूर्ति भी सुचारू रूप से की जा रही है। छात्रावासों, शैक्षणिक संस्थानों और अस्पतालों के लिए भी पर्याप्त एलपीजी उपलब्ध है। उन्होंने सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत वितरण करने वाले खाद्यान्न के पर्याप्त भंडारण की जानकारी साझा की।
उन्होंने राज्य और जिला स्तर पर जारी हेल्पलाइन नंबरों का जिक्र करते हुए आम नागरिकों से अपील की कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और घबराएं नहीं। साथ ही पत्रकारों से भी आग्रह किया कि खबरों का प्रकाशन तथ्यों की पुष्टि के बाद ही करें, ताकि अनावश्यक भ्रम की स्थिति न बने।

