आबकारी अमला सुस्त, पुलिस कार्रवाई में पकड़ा गया अवैध शराब का गोदाम

दंतेवाड़ा के पातररास में सूने मकान से 35 पेटी अंग्रेजी शराब जब्त, आरोपी फरार
दंतेवाड़ा (हिन्दसत)। जिले में अवैध शराब के खिलाफ पुलिस की सक्रियता एक बार फिर सामने आई है, जबकि आबकारी विभाग की निष्क्रियता सवालों के घेरे में है। दंतेवाड़ा नगर से लगे पातररास क्षेत्र में एक सूने मकान से भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की गई है।
पुलिस अधीक्षक गौरव राय के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामकुमार बर्मन के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी राहुल उईके के पर्यवेक्षण में सिटी कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक धनंजय सिन्हा के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 3 अप्रैल को मुखबिर से सूचना मिली कि पातररास पटवारी कॉलोनी के आगे एक मकान में अवैध शराब डंप कर रखी गई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां एक संदिग्ध व्यक्ति पुलिस को देखकर अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल की ओर फरार हो गया।
पुलिस ने मौके पर खड़ी एक स्कूटी और एक मोटरसाइकिल को जब्त कर मकान की तलाशी ली। तलाशी के दौरान एक कमरे से कुल 35 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की गई। पुलिस ने शराब को विधिवत जब्त कर लिया है।
फरार आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) और 36 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।
जब्ती विवरण:
- अवैध शराब : 35 पेटी
- वाहन :
- हीरो होंडा ग्लैमर (CG 05C 1162),
- एक्टिवा स्कूटी (CG 17 KD 4044)
कुल अनुमानित कीमत: ₹2,53,200( दो लाख तिरपन हजार दो सौ रुपए)
इस कार्रवाई में उप निरीक्षक राजेश कुमार, एएसआई गुरुवंता बर्गे, एएसआई नरेंद्र भारती, आरक्षक मनोज नेगी एवं कमलेश कोमरे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


