भाजपा का 47वां स्थापना दिवस बेलनार में मनाया गया, वन मंत्री केदार कश्यप ने किया ध्वजारोहण

नक्सल मुक्त क्षेत्र में संगठन विस्तार और जनसंपर्क पर जोर, कार्यकर्ताओं को दी शुभकामनाएं
भैरमगढ़/बीजापुर (हिन्दसत)। भारतीय जनता पार्टी का 47वां स्थापना दिवस भैरमगढ़ मंडल के ग्राम पंचायत बेलनार, बूथ क्रमांक 148 (2) में उत्साहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में वन मंत्री केदार कश्यप ने पार्टी ध्वज फहराकर स्थापना दिवस समारोह की शुरुआत की। ध्वजारोहण के बाद उन्होंने उपस्थित कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों को भाजपा स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए संगठन को और मजबूत बनाने का आह्वान किया।

वन मंत्री केदार कश्यप ने अपने संबोधन में कहा कि नक्सल प्रभावित रहे क्षेत्रों में अब शांति और विकास का वातावरण बन रहा है और भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ता गांव-गांव तक पहुंचकर सरकार की योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी का स्थापना दिवस कार्यकर्ताओं के लिए आत्ममंथन और संकल्प का दिन है, जिसमें संगठन विस्तार, जनसंपर्क और सेवा कार्यों को प्राथमिकता देने का संकल्प लिया जाता है।
कार्यक्रम में प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन, प्रदेश उपाध्यक्ष जी वेंकट, प्रदेश प्रवक्ता टिकेश्वर जैन, पूर्व मंत्री महेश गागड़ा, जिलाध्यक्ष घासीराम नाग तथा पूर्व जिलाध्यक्ष श्रीनिवास मुदलियार सहित पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
इस दौरान वक्ताओं ने भाजपा की विचारधारा, संगठनात्मक कार्यों और केंद्र तथा राज्य सरकार की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक सक्रिय रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि नक्सल मुक्त होते क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति देने और शासन की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका है।
कार्यक्रम में स्थानीय पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीणजन भी उपस्थित रहे। स्थापना दिवस के अवसर पर कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूत करने और आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने का संकल्प लिया।


