आरक्षित वन में मुरम माफिया पर वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, 4 टिप्पर और 2 जेसीबी जब्त

गोलापल्ली और किस्टाराम रेंज में छापेमार कार्रवाई, कई लोगों की संलिप्तता सामने आई; राजसात की प्रक्रिया शुरू
सुकमा (हिन्दसत)। आरक्षित वन क्षेत्रों में मुरम के अवैध उत्खनन के खिलाफ वन विभाग ने सघन अभियान चलाते हुए दो अलग-अलग स्थानों पर बड़ी कार्रवाई की है। इस दौरान अवैध उत्खनन में प्रयुक्त 4 टिप्पर ट्रक और 2 जेसीबी मशीन जब्त की गईं। विभाग ने इसे वन संपदा को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई बताते हुए जांच तेज कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार प्रथम प्रकरण गोलापल्ली रेंज का है, जहां आरक्षित वन भूमि में अवैध रूप से मुरम उत्खनन करते हुए 2 टिप्पर ट्रक (CG 20 J 2163 एवं CG 20 J 2164) और 1 जेसीबी एक्सकेवेटर मशीन जब्त की गई। जांच में पाया गया कि बिना अनुमति वन भूमि को क्षति पहुंचाते हुए उत्खनन किया जा रहा था। इस मामले में सन्नु वाचम, लक्ष्मैया अगनपल्ली और सुधाकर बड़दी की संलिप्तता सामने आई है।

दूसरी कार्रवाई किस्टाराम रेंज में की गई, जहां आरक्षित वन क्षेत्र से अवैध मुरम उत्खनन करते हुए 2 टिप्पर ट्रक (CG 26 J 0325 एवं CG 26 E 9737) तथा 1 जेसीबी एक्सकेवेटर (मॉडल JCB2151LC) जब्त किया गया। इस प्रकरण में सुमन राय, बंशीधर कश्यप और सुनील बघेल की संलिप्तता पाई गई है।
यह कार्रवाई उपवनमंडलाधिकारी कोन्टा राहुल देवांगन, गोलापल्ली रेंजर प्रसाद राव तथा किस्टाराम रेंजर ईश्वर बघेल के नेतृत्व में वन अमले द्वारा की गई। मौके पर सघन निरीक्षण कर साक्ष्य संकलित किए गए और संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध वन अपराध प्रकरण दर्ज किया गया है।
वन अधिकारियों ने बताया कि जब्त वाहनों के विरुद्ध राजसात की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है और प्रकरण की विस्तृत जांच जारी है, ताकि अन्य संलिप्त लोगों की पहचान कर कार्रवाई की जा सके। विभाग ने क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए गश्त बढ़ाने की बात कही है। साथ ही आम नागरिकों से अपील की गई है कि किसी भी अवैध उत्खनन या वन क्षति की जानकारी तत्काल विभाग को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।



