भैरमगढ़ में नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म का आरोप, सीपीआई ने की कड़ी कार्रवाई की मांग

भाजपा नेता के करीबी पर आरोप, महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सरकार पर साधा निशाना
बीजापुर (हिन्दसत)। जिले के भैरमगढ़ क्षेत्र में नाबालिग लड़की से कथित सामूहिक दुष्कर्म की घटना को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई) ने मामले की कड़ी निंदा करते हुए आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। सीपीआई जिला सचिव कमलेश झाड़ी ने आरोप लगाया है कि घटना में कथित रूप से भाजपा से जुड़े व्यक्तियों की संलिप्तता बताई जा रही है, जिसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

सीपीआई के अनुसार 11 अप्रैल की रात भाजपा नेता के करीबी बताए जा रहे अंकित प्रभुलिया और उसके साथियों द्वारा एक नाबालिग लड़की के साथ सामूहिक दुष्कर्म किए जाने का आरोप है। पार्टी ने इसे जघन्य अपराध बताते हुए कहा कि इस प्रकार की घटनाएं महिलाओं की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं।
जिला सचिव कमलेश झाड़ी ने बयान जारी कर कहा कि महिलाओं के साथ बढ़ते अपराध चिंताजनक हैं और प्रशासन को तत्काल संज्ञान लेकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि आदिवासी क्षेत्रों में महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम उठाए जाने की आवश्यकता है।
सीपीआई ने यह भी कहा कि बस्तर क्षेत्र में महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता बनी हुई है। पार्टी ने आशंका जताई कि यदि समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति हो सकती है।
पार्टी ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों की पहचान की जाए और उन्हें कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाए।




