कोण्डागांव में हत्या का खुलासा, चंद घंटों में आरोपी गिरफ्तार

सोने की अंगूठी और नगदी के लालच में की हत्या, शव को मिट्टी में दबाया; आरोपी न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया
बीजापुर (हिन्दसत)। कोण्डागांव पुलिस ने हत्या के एक मामले का चंद घंटों में खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामला 11 अप्रैल की रात से लापता व्यक्ति की गुमशुदगी से जुड़ा है, जो बाद में हत्या का मामला निकला। मृतक बीजापुर में टेंट हाउस का कार्य भी करता था।

पुलिस के अनुसार 12 अप्रैल को प्रार्थी महेश चौहान निवासी विकासनगर कोण्डागांव ने थाना पहुंचकर अपने भाई सुरेश चौहान के 11 अप्रैल की रात से लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई। गुमशुदा की स्कूटी विकासनगर क्षेत्र में मिली, जिसके बाद पुलिस ने गुम इंसान कायम कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान संदेही सुरेश कुमार देवांगन से पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने सुरेश चौहान को मरारपारा स्थित अपने घर बुलाया और सोने की अंगूठी व नगदी के लालच में लोहे के खलबट्टा के मूसल से सिर पर प्राणघातक वार कर हत्या कर दी। इसके बाद शव को स्कूटी में रखकर पास में पड़े मिट्टी के ढेर में दबा दिया।

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने फॉरेंसिक टीम और नगर पालिका कर्मचारियों की मदद से शव का उत्खनन कराया, जहां से एक शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान उसके बड़े भाई ने सुरेश चौहान (53 वर्ष) निवासी विकासनगर कोण्डागांव के रूप में की।
पुलिस ने आरोपी सुरेश देवांगन (38 वर्ष) निवासी मरारपारा कोण्डागांव के कब्जे से दो सोने की अंगूठियां, 1000 रुपये नगद तथा घटना में प्रयुक्त हथियार जब्त किया। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। मामले में आगे की विवेचना जारी है।




