देश

देश में एक और शहर को मानते हैं ‘अयोध्या’, 2 नदियों के संगम से यहां बनती है मां गंगा…

देश में एक ऐसा भी शहर है जिसे अयोध्या के नाम से जाना जाता है। इसी शहर में दो संगम के बाद से मां गंगा देशभर में प्रसिद्ध हो जाती  है।  

देवप्रयाग तीर्थ को उत्तराखंड की अयोध्या माना जाता है। त्रेता युग से जुड़ी अनेक कथाएं और स्थान देवप्रयाग क्षेत्र में मौजूद हैं।

स्कन्दपुराण के अनुसार देवप्रयाग नाम स्वयं भगवान राम ने रखा है। लंका के राजा रावण वध से लगे ब्रह्म हत्या के पाप से मुक्ति के लिये भगवान राम देवप्रयाग में प्रायश्चित तप किया था। विश्वामित्र के शाप से मकरी बनी किन्नरी पुष्पमाला को मुक्ति दी थी।

भगवान शिव की प्रसन्नता हेतु राम ने आदिविश्वेश्वर शिवलिंग स्थापित किया था। स्कन्दपुराण के मुताबिक, भगवान राम द्वारा देवप्रयाग में किये गये पिंडदान को लेने स्वर्ग लोक से स्वयं राजा दशरथ यहां आये थे। राम के पूर्वज भगीरथ देवप्रयाग तक भागीरथी को लाये थे, जो अलकनंदा से संगम के बाद गंगा बन गंगासागर तक गई हैं।

देवप्रयाग में विशाल दशरथाचल पर्वत भी स्थित है, जिसकी चोटी पर राजा दशरथ का पत्थर का सिंहासन आज भी मौजूद है। यहीं पर श्रवणकुमार की तेजस्वी कावड़ रखे जाने के दो चिह्न आज भी बने हैं, राम के पूर्वज राजा पृथु के नाम से पृथुधार भी है।

मान्यता है कि दशरथ पुत्री शांता ने देवप्रयाग में तप कर ब्राह्राणत्व प्राप्त कर श्रृंगी ऋषि से विवाह किया था। शिव के वरदान से शांता यहां नदी रूप में बहती हैं, इसके सामने श्रृंगी ऋषि की गुफा भी है। देवप्रयाग जिस गृद्धाचल पर्वत पर बसा है, उसे जटायु की तपस्थली कहा गया है। वशिष्ठ की तप की गुफा और कुंड देवप्रयाग संगम स्थल पर स्थित हैं।

भागीरथी नदी के निकट बगीचे में हनुमान के निवास की लंबी सुरंग और सुग्रीव गुफा भी मौजूद है। रामकुंड में भगवान राम की चरणपादुका शिला के निकट परशुराम की तपस्थली भी मौजूद है। सतयुग में देवशर्मा ऋषि के तप से प्रसन्न भगवान विष्णु ने त्रेता में राम बन इस स्थान पर आने और उनके नाम से देवप्रयाग रखने का वर दिया था।

दो नदियों के संगम से बनती है  ‘मां गंगा’
उत्तराखंड के देवप्रयाग में अलकनंदा और भागीरथी की नदी के संगम  के बाद से ही दोनों नदियां ‘मां गंगा’ के नाम से देशभर में प्रसिद्ध होती है। हर साल लाखों की संख्या में श्रद्धालु संगम में दर्शन करने को आते हैं। ऋषिकेश बदरीनाथ नेशनल हाईवे पर यह शहर बसा हुआ है। 

Post Views: 6

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button