विदेश

पाकिस्तान में बिगड़े हालात, चुनाव में धांधली को लेकर प्रदर्शन के दौरान फायरिंग; पूर्व सांसद समेत कई घायल…

पाकिस्तान में आम चुनाव के दौरान धांधली के आरोपों को लेकर हालात बिगड़ते नजर आ रहे हैं।

खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में कथित धांधली के खिलाफ रैली निकाली गई। इस दौरान पुलिस की ओर से किए गए बल प्रयोग में पूर्व सांसद मोहसिन डावर और उनके समर्थक घायल हो गए।

प्रदर्शनकारियों ने यह जानकारी दी। अफगानिस्तान की सीमा से सटे उत्तरी वजीरिस्तान जिले में चुनाव नतीजों की घोषणा में देरी के विरोध में रैली निकाली गई थी।

इस दौरान नेशनल असेंबली के पूर्व सदस्य व नेशनल डेमोक्रेटिक मूवमेंट (NDM) के अध्यक्ष डावर और अन्य लोग घायल हो गए। 

एक प्रदर्शनकारी ने बताया कि घायलों को अस्पताल ले जाया गया है। प्रदर्शनकारियों के मुताबिक पुलिस ने आंदोलनकारियों पर गोलीबारी की और आंसू गैस के गोले भी दागे।

मोहसिन डावर अगस्त 2018 से अगस्त 2023 तक नेशनल असेंबली के सदस्य रहे। पश्तून तहफुज मूवमेंट (PTM) के सह संस्थापक डावर नेशनल यूर्थ ऑर्गेनाइजेशन (NYO) और अवामी नेशनल पार्टी की सहयोगी इकाई ‘पश्तून स्टूडेंट्स फेडरेशन’ (PSF) के अध्यक्ष भी रह चुके हैं।

PTI का स्थानीय कार्यकर्ता गंभीर रूप से घायल
डॉन न्यूज के अनुसार, एक अलग घटना में शुक्रवार शाम पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में चुनावों में धांधली के खिलाफ प्रदर्शन हुआ। इस दौरान पाकिस्तान मुस्लिम लीग (कायद-ए-आजम समूह) के नेता के सुरक्षाकर्मी की ओर से गोलीबारी की गई।

इसमें पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) का एक स्थानीय कार्यकर्ता गंभीर रूप से घायल हो गया। पीटीआई स्थानीय कार्यकर्ताओं ने 8 फरवरी के चुनावों में कथित धांधली के विरोध में रैली निकाली।

इन लोगों ने जिला निर्वाचन अधिकारी (DRO) के कार्यालय की ओर विरोध मार्च भी निकाला।

खैबर पख्तूनख्वा में हमला, 1 पुलिसकर्मी और 3 आतंकियों की मौत
दूसरी ओर, पाकिस्तान के अशांत खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में पुलिस गश्ती वाहन पर हमला हुआ। इसके बाद हुई मुठभेड़ में कम से कम 3 आतंकी मारे गए और एक पुलिस अधिकारी की जान चली गई।

पुलिस ने बताया कि सीमावर्ती दक्षिण वजीरिस्तान के डेरा इस्माइल खान जिले के दराजींदा इलाके में गश्ती ड्यूटी पर तैनात वाहन पर अज्ञात आतंकवादियों ने गोलीबारी की।

इसमें एक पुलिस अधिकारी की जान चली गई, जिसके बाद एक घंटे से अधिक समय तक मुठभेड़ हुई। पुलिस ने बताया कि मुठभेड़ के दौरान तीन हमलावरों को मार गिराया गया।

हालात को काबू करने के लिए मौके पर भारी संख्या में पुलिस कर्मी भेजे गए। हमलावरों का पता लगाने के लिए अभियान शुरू किया गया है।

वोटों में हेरफेर किए जाने की आशंका
पाकिस्तान में आम चुनाव गुरुवार को हुए थे और इसके तुरंत बाद मतगणना शुरू हुई थी। उम्मीद थी कि मतगणना के नतीजे शुक्रवार सुबह तक उपलब्ध हो जाएंगे लेकिन परिणाम की घोषणा में देरी हो रही है।

इसके बाद मतों में हेरफेर किए जाने की आशंका को बल मिला है। पाकिस्तान निर्वाचन आयोग के अनुसार, नेशनल असेंबली की 265 सीट पर हुए चुनाव में से 253 सीट पर मतगणना की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है।

निर्दलीय उम्मीदवारों ने सर्वाधिक 99 सीट जीती हैं। इनमें से अधिकतर उम्मीदवार पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की पार्टी तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) के समर्थित हैं। 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button