राज्य स्तरीय शालेय प्रतियोगिता में बीजापुर का जलवा

खिलाड़ियों ने जीते 10 स्वर्ण, 10 रजत और 5 कांस्य मेडल
बीजापुर (हिन्दसत)। कोरबा जिले में आयोजित 25वीं छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता 2025 में बीजापुर के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 25 पदक जीतकर जिले का नाम गौरवान्वित किया। तैराकी सहित विभिन्न स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन करते हुए 10 स्वर्ण, 10 रजत और 5 कांस्य पदक अपने नाम किए। इस उपलब्धि के साथ बीजापुर ने ओवरऑल द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
- अंडर-19 बालिका वर्ग में सदना पोरतेटी ने 3 स्वर्ण व 1 रजत, और अक्षिता तोड़ेम ने 3 स्वर्ण व 1 रजत पदक हासिल किए।
- अंडर-17 बालक वर्ग में बबलु ऐंजा ने 3 रजत और सरैया पालदेव ने 1 कांस्य पदक जीता।
- अंडर-14 बालिका वर्ग में रीता पोरतेटी ने 2 स्वर्ण व 1 रजत, गुंजन कोरसा ने 2 स्वर्ण व 1 रजत, सपना कोरसा ने 2 रजत व 1 कांस्य, जबकि तमन्ना ने 1 कांस्य पदक अर्जित किया।
- अंडर-14 बालक वर्ग के खिलाड़ियों ने भी 1 रजत और 2 कांस्य पदक प्राप्त कर जिले की झोली में पदकों की बरसात कर दी।
बीजापुर स्पोर्ट्स अकादमी की इन उभरती प्रतिभाओं ने अपनी मेहनत, लगन और अनुशासन से यह उपलब्धि हासिल की। उनकी कोच दीप्ति वर्मा के समर्पित प्रशिक्षण और मार्गदर्शन की भूमिका सराहनीय रही।
इस सफलता पर कलेक्टर संबित मिश्रा, जिला शिक्षा अधिकारी, खेल अधिकारी और संबंधित प्रशिक्षकों ने सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं। खिलाड़ियों की इस उल्लेखनीय उपलब्धि से पूरे जिले में हर्ष और गर्व का माहौल है।