अटल बिहारी वाजपेयी की 101वीं जयंती पर भैरमगढ़ में ऐतिहासिक पहल

वार्ड क्रमांक 5 में अटल परिसर का लोकार्पण, प्रतिमा का किया गया अनावरण
भैरमगढ़ (श्रीनिवास झाड़ी)। भारत रत्न, प्रखर राष्ट्रवादी नेता एवं देश के पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी की 101वीं जयंती के अवसर पर नगर पंचायत भैरमगढ़ के वार्ड क्रमांक 5 में अटल परिसर का भव्य लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर जनपद पंचायत भैरमगढ़ की अध्यक्ष दसरी कोरसा ने विधिवत रूप से अटल परिसर का लोकार्पण कर अटल प्रतिमा का अनावरण किया।

कार्यक्रम का आयोजन वर्चुअल माध्यम से किया गया, जिसमें जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठ अधिकारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं बड़ी संख्या में नागरिकों ने सहभागिता रही। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए दसरी कोरसा ने अटल बिहारी वाजपेयी के प्रेरणादायी जीवन, राष्ट्र के प्रति उनकी निष्ठा और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति उनके समर्पण को स्मरण किया।
राजनीति में सुचिता और संवाद के प्रतीक थे अटल जी
उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी केवल एक राजनेता नहीं थे, बल्कि वे विचार, सिद्धांत और राष्ट्रसेवा के सशक्त प्रतीक थे। उन्होंने राजनीति को सुचिता, संवाद और लोकतांत्रिक मर्यादाओं से जोड़ा। उनकी वाणी और लेखनी में दूरदर्शिता, संवेदनशीलता और राष्ट्रहित स्पष्ट रूप से परिलक्षित होती थी।

अटल जी के आदर्शों को अपनाने का आह्वान
जनपद पंचायत अध्यक्ष ने आह्वान किया कि वे अटल जी के आदर्शों राष्ट्रप्रेम, सुशासन और सामाजिक समरसता को अपने जीवन में आत्मसात करें। उन्होंने कहा कि अटल जी द्वारा दिखाए गए मार्ग पर चलकर ही सशक्त, आत्मनिर्भर और विकसित भारत का निर्माण संभव है।
जनप्रतिनिधियों और छात्राओं की रही उल्लेखनीय सहभागिता

इस वर्चुअल कार्यक्रम में नगर पंचायत उपाध्यक्ष जागेंद्र देवांगन, नगर पंचायत सीएमओ अमृत लाल नाग, पार्षदगण एवं उनके प्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, भाजपा के वरिष्ठ प्रतिनिधि और मंडल अध्यक्ष चिन्नाराम तेलाम, युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष बलदेव उरसा, जिला महामंत्री हरीश निषाद, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष जमुना सकनी, जनपद पंचायत भैरमगढ़ के उपाध्यक्ष सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में एकलव्य विद्यालय की छात्राओं ने गीत एवं कविताओं की भावपूर्ण प्रस्तुतियाँ देकर वातावरण को प्रेरणादायी बना दिया।