परधान आदिवासी समाज ने श्रद्धा व उल्लास के साथ मनाई हीरासुका लिंगों बाबा की जयंती

घर-घर दीप प्रज्वलन, गोंडियन विधि से पूजा-अर्चना, समाज में दिखा उत्साह
बीजापुर(हिन्दसत)। परधान आदिवासी समाज द्वारा अपने आराध्य, गोंडवाना गोंडी धर्म धरती के प्रथम संगीत गुरु एवं गोंडी धर्माचार्य मुठवा पुनेम हीरासुका लिंगों बाबा की जयंती (अवतरण दिवस) बीजापुर जिले भर में श्रद्धा, आस्था और हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। यह आयोजन समाज के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सकनी चन्द्रैया, प्रांताध्यक्ष पी. लक्ष्मीनारायण एवं जिलाध्यक्ष कंडिक नारायण के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।

समाजजनों ने जिले के गाँव, कस्बा, मोहल्ला, शहर, ब्लॉक एवं जिला स्तर पर अपने-अपने घरों में दीप प्रज्वलन, बाबा की प्रतिमा पर माल्यार्पण, गोंगो सेवा-अर्जी एवं पारंपरिक गोंडियन विधि से पूजा-अर्चना कर वातावरण को भक्तिमय बनाया। उल्लेखनीय है कि परधान आदिवासी समाज द्वारा प्रतिवर्ष पौष माह की पूर्णिमा को पूरे भारतवर्ष में हीरासुका लिंगों बाबा की जयंती मनाई जाती है।
इसी कड़ी में 03 जनवरी 2026, शनिवार को बीजापुर जिला मुख्यालय स्थित परधान समाज कल्याण भवन में विशेष आयोजन किया गया। दिनभर जयंती की तैयारियों को लेकर समाज में उत्साह का माहौल बना रहा। सायं 7 बजे समाज कल्याण भवन एवं बाबा की प्रतिमा के चारों ओर दीप प्रज्वलित कर परिसर को प्रकाशमय किया गया।

इस अवसर पर समाज के जिला कोषाध्यक्ष भानुप्रताप चिड़ियम द्वारा गोंडियन रीति-रिवाज से बाबा की प्रतिमा पर गोंगो सेवा-अर्जी कर पूजा सम्पन्न कराई गई। पूजा उपरांत हीरासुका लिंगों बाबा, इष्टदेवों, कुल देवी-देवताओं एवं स्थानीय पुरखा पेनों के जयघोष के साथ समाजजनों ने एक-दूसरे को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में समाज के वरिष्ठजन एवं पदाधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे, जिनमें युवा प्रांताध्यक्ष राकेश गिरी, जिला सचिव अरुण सकनी, युवा प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष रामप्रसाद नक्का, जिला सचिव (युवा प्रकोष्ठ) रामप्रसाद गोरला, मीडिया प्रभारी सुरेश परतागिरी, लक्ष्मण परतागिरी, हरकेश गिरी, गोपाल परतागिरी, प्रचार-प्रसार मंत्री लोकेश पुलमाद्री, सह सचिव विश्वासराव तोगर सहित अनिल गंधम, सुधाकर तोगर, वेंकटेश्वर पोन्दी, सूरज कुमार पोन्दी, शैलेन्द्र कुमार पोन्दी, सिद्धु पोन्दी एवं सिद्धी पोन्दी उपस्थित थे।



