माओवादियों के प्रेशर IED विस्फोट में नाबालिग ग्रामीण गंभीर रूप से घायल

कोरचोली जंगल क्षेत्र में हादसा, सुरक्षा बलों ने चलाया सघन सर्च व IED निष्क्रियकरण अभियान
बीजापुर(हिंदसत)। जिला बीजापुर के थाना गंगालूर अंतर्गत ग्राम कोरचोली में माओवादियों द्वारा लगाए गए प्रेशर IED के विस्फोट से एक नाबालिग ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना रविवार सुबह की है, जब 15 वर्षीय बालक जंगल क्षेत्र की ओर गया हुआ था।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम कोरचोली नदीपारा निवासी राम पोटाम, पिता स्व. लच्छु पोटाम (उम्र 15 वर्ष) 05 जनवरी 2026 की सुबह लेंड्रा–कोरचोली जंगल क्षेत्र की ओर गया था। इसी दौरान वह माओवादियों द्वारा पूर्व से लगाए गए प्रेशर IED की चपेट में आ गया, जिससे उसके पैर में गंभीर चोट आई।
घटना की सूचना मिलते ही सुरक्षा बलों द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए घायल बालक को 222वीं बटालियन CRPF कैम्प, कोरचोली में प्राथमिक उपचार दिया गया। प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उसे जिला अस्पताल बीजापुर रेफर किया गया है।

इधर, घटना के बाद सुरक्षा बलों द्वारा क्षेत्र में सघन सर्चिंग अभियान चलाया जा रहा है तथा संभावित स्थानों पर IED निष्क्रियकरण की कार्रवाई भी की जा रही है, ताकि भविष्य में किसी अन्य ग्रामीण को नुकसान न पहुंचे।
पुलिस ने जारी की अपील
सुरक्षा बलों ने आम नागरिकों से अपील की है कि जंगल एवं दुर्गम क्षेत्रों में आवागमन के दौरान विशेष सतर्कता बरतें। किसी भी संदिग्ध वस्तु, गतिविधि या सामग्री की जानकारी तत्काल नजदीकी पुलिस थाना अथवा सुरक्षा कैम्प को दें।


