बीजापुर जिला कांग्रेस को मिला नया नेतृत्व, लालू राठौर ने संभाला अध्यक्ष पद
पदभार ग्रहण समारोह में बोले— “कार्यकर्ता ही पार्टी की रीढ़ उनके सम्मान से कोई समझौता नहीं, भाजपा की नीतियों के खिलाफ होगा आंदोलन”

बीजापुर(हिन्दसत)। बीजापुर जिला कांग्रेस कमेटी के नव-नियुक्त अध्यक्ष लालू राठौर ने सोमवार को औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण किया। जिला मुख्यालय स्थित कांग्रेस भवन में आयोजित पदभार ग्रहण समारोह में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए बधाई और शुभकामनाएं दीं।
पदभार ग्रहण से पूर्व लालू राठौर ने कांग्रेस नेताओं व कार्यकर्ताओं के साथ बस्तर की आराध्य देवी माँ दंतेश्वरी की पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया। इसके पश्चात उन्होंने विधिवत रूप से जिला कांग्रेस अध्यक्ष का कार्यभार संभाला।

इस अवसर पर लालू राठौर ने अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, कांग्रेस संसदीय दल की नेता सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, राष्ट्रीय महासचिव के.सी. वेणुगोपाल, छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, बीजापुर विधायक विक्रम मंडावी सहित समस्त वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष लालू राठौर ने कहा कि कांग्रेस संगठन को मजबूत करना और पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुँचाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि “कार्यकर्ता पार्टी की रीढ़ होते हैं और उनके मान-सम्मान की रक्षा करना मेरा कर्तव्य है।”
उन्होंने भाजपा की डबल इंजन सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि केंद्र सरकार द्वारा मनरेगा से महात्मा गांधी का नाम हटाकर नया कानून लाना गरीबों के रोजगार अधिकार पर सीधा हमला है। उन्होंने आरोप लगाया कि किसान परेशान हैं, खेत-खलिहानों की स्थिति चिंताजनक है, लेकिन सरकार समस्याओं की अनदेखी कर रही है। आने वाले समय में कांग्रेस पार्टी भाजपा की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ उग्र आंदोलन करेगी।

वहीं, बीजापुर विधायक विक्रम मंडावी ने नव-नियुक्त जिला अध्यक्ष को बधाई देते हुए कहा कि जिला, प्रदेश एवं राष्ट्रीय कांग्रेस कमेटी द्वारा सौंपे गए दायित्वों को पूरी निष्ठा से निभाया जाएगा। उन्होंने भी भाजपा सरकार की वादाखिलाफी के खिलाफ जन आंदोलन की आवश्यकता पर जोर दिया।
कार्यक्रम में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सुभान खान, आर. नारायणम्मा, सुशीला नाग, स्वर्णरेखा शाह, शंकर कुड़ियम, कामेश्वर गौतम, कमलेश कारम सहित युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस, एनएसयूआई के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।


