Breaking News

बीजापुर के बरदेला में शहीद प्रधान आरक्षक बुधराम कोरसा की प्रतिमा का अनावरण

पुण्यतिथि पर भावभीनी श्रद्धांजलि, शहीदों के बलिदान को किया गया नमन

बीजापुर (हिन्दसत)। जिले के ग्राम पंचायत बरदेला (थाना जांगला) में शहीद प्रधान आरक्षक बुधराम कोरसा की पुण्यतिथि के अवसर पर उनकी प्रतिमा का विधिवत अनावरण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में उपस्थित ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और पुलिस अधिकारियों ने शहीद के अमर बलिदान को नमन किया।

कार्यक्रम के दौरान शहीद बुधराम कोरसा के योगदान को स्मरण करते हुए वक्ताओं ने कहा कि उनका बलिदान देश और समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। उपस्थित जनसमूह ने दो मिनट का मौन रखकर शहीद को श्रद्धांजलि दी तथा उनके परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।

उल्लेखनीय है कि आज ही के दिन माओवादियों द्वारा अम्बेली नाला के समीप सर्चिंग अभियान से लौट रही पुलिस पार्टी को IED विस्फोट के माध्यम से निशाना बनाया गया था। इस कायराना हमले में जिला दंतेवाड़ा में पदस्थ डीआरजी के 09 वीर जवानों सहित 01 वाहन चालक ने राष्ट्र की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया था।

 

संकल्प मार्च 2026 के अंतर्गत क्षेत्र को नक्सल-मुक्त बनाने के अभियान में शहीद जवानों का त्याग अविस्मरणीय है। कर्तव्यपथ पर वीरगति को प्राप्त इन जवानों का साहस, समर्पण और देशभक्ति आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणा बनी रहेगी। कार्यक्रम में पुलिस अधिकारी-कर्मचारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, ग्रामीणजन एवं शहीद के परिजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button