विधायक विक्रम मंडावी का गंभीर आरोप सत्ता के नशे में भाजपा नेता बेलगाम

सत्ता के अहंकार में आदिवासी युवकों पर दमन, निष्पक्ष जांच की मांगb
बीजापुर (हिन्दसत)।बीजापुर के विधायक विक्रम मंडावी ने भाजपा नेताओं पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि सत्ता के अहंकार में भाजपा नेता दादागिरी पर उतर आए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भोपालपट्टनम में भाजपा नेता बिलाल ख़ान से मिलने उनके घर पहुंचे दो निर्दोष आदिवासी युवक संदीप तलांडी और रमेश आत्रम को बिना किसी अपराध के सीधे जेल भेज दिया गया।

विधायक विक्रम मंडावी ने इस घटना को अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि भाजपा नेता सत्ता के नशे में इतने चूर हैं कि उनका अहंकार और घमंड आसमान छू रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिले के अधिकारी भाजपा नेताओं के सामने पूरी तरह नतमस्तक हैं और निष्पक्षता से कार्य नहीं कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि सत्ता के मद में अंधे भाजपा नेता अब निर्दोष आदिवासी युवकों को भी नहीं बख्श रहे हैं, जो लोकतंत्र और संविधान दोनों के खिलाफ है। विधायक ने इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, दोषी भाजपा नेता पर सख्त कार्रवाई करने और निर्दोष आदिवासी युवकों को तत्काल जेल से रिहा करने की मांग की है।



