Breaking News

29 हजार क्विंटल के बाद गंगालूर धान उपार्जन केंद्र में खरीदी बंद, 66 किसानों के टोकन निलंबित

प्रबंधक बोले – जगह नहीं, अधिकारी बोले – खरीदी हर हाल में होगी

तहसीलदार-पटवारी कर रहे व्यवस्था, टोकन की तारीख बदली जाएगी

बीजापुर (हिन्दसत)। बीजापुर जिले के गंगालूर धान उपार्जन केंद्र में 29 हजार क्विंटल धान खरीदी पूरी होने के बाद 9 जनवरी से धान खरीदी बंद कर दी गई है। इसके चलते अब तक लगभग 66 किसानों के टोकन निलंबित कर दिए गए हैं। शुक्रवार को 33 किसानों और सोमवार को 33 किसानों के टोकन निलंबित हुए।

गंगालूर के किसान शांति हेमला ने बताया कि सोमवार को उनके टोकन की तारीख थी। वे बद्दे पारा से सुबह केंद्र पहुंचे थे, लेकिन खरीदी बंद होने के कारण उन्हें बिना धान बेचे वापस लौटना पड़ा। इसी तरह सुखलाल एंडीक (गोगंला), सुशीला ऊइका (कमकानार) और अनिल लेकम (गंगालूर) ने बताया कि उनका टोकन 9 जनवरी का था, लेकिन खरीदी नहीं होने से उन्हें भी निराश लौटना पड़ा।

उपार्जन केंद्र के प्रबंधक संदीप साहू ने बताया कि धान का उठाव नहीं होने के कारण केंद्र में जगह की समस्या हो गई है। नई खरीदी करने पर धान रखने की व्यवस्था नहीं बची है। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि कटे हुए टोकनों की तारीख संशोधित कर आगे बढ़ाई जाएगी।

855 में से केवल 520 किसान ही बेच सके धान

गंगालूर उपार्जन केंद्र में कुल 855 किसान पंजीकृत हैं, जिनमें से अब तक केवल 520 किसान ही धान बेच पाए हैं, जबकि बड़ी संख्या में किसान अब भी प्रतीक्षा में हैं। शुक्रवार को 33 किसानों को खरीदी बंद होने से वापस लौटना पड़ा वहीं सोमवार को सुबह से आने वाले किसानों को भी निराशा ही हाथ लगी।

प्रशासन का आश्वासन – खरीदी बंद हुई तो होगी कार्रवाई

प्रभारी जिला खाद्य अधिकारी दिलीप उईके ने कहा कि शासन के स्पष्ट निर्देश हैं कि किसानों का पूरा धान खरीदा जाए। यदि कोई समिति मनमाने तरीके से खरीदी बंद करती है तो उस पर शासन स्तर पर कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने यह भी बताया कि जगह की समस्या के समाधान के लिए तहसीलदार और पटवारी द्वारा स्थानीय स्तर पर व्यवस्था की जा रही है।

Related Articles

Back to top button