Breaking News

बीजापुर मुठभेड़ में महिला कैडर सहित 4 माओवादी ढेर, AK-47 और .303 रायफल बरामद

DRG–कोबरा–STF की संयुक्त कार्रवाई, नेशनल पार्क एरिया कमेटी के कुख्यात कैडर दिलीप बेड़जा के मारे जाने की पुष्टि के संकेत 

बीजापुर (हिंदसत)। बीजापुर जिले के उत्तर-पश्चिमी जंगल–पहाड़ी क्षेत्र में सुरक्षा बलों और माओवादियों के बीच जारी मुठभेड़ में बड़ी सफलता मिली है। सर्च ऑपरेशन के दौरान अब तक एक महिला माओवादी कैडर सहित कुल चार माओवादी कैडरों के शव बरामद किए गए हैं। मौके से AK-47 और .303 रायफल जैसे ग्रेडेड हथियार भी बरामद किए गए हैं।

पुलिस अधीक्षक बीजापुर डॉ. जितेन्द्र यादव ने बताया कि माओवादियों की नेशनल पार्क एरिया कमेटी के DVCM स्तर के कुख्यात कैडर दिलीप बेड़जा सहित अन्य सशस्त्र माओवादियों की उपस्थिति की सूचना पर DRG, कोबरा एवं STF की संयुक्त टीम द्वारा सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया था। सर्च अभियान के दौरान 17 जनवरी की सुबह से ही माओवादियों और सुरक्षा बलों के बीच रुक-रुक कर फायरिंग होती रही।

दोपहर तक दो माओवादी कैडरों के शव बरामद किए गए, जबकि शाम को हुई पुनः मुठभेड़ के बाद एक महिला कैडर सहित दो और शव बरामद हुए। इस प्रकार कुल संख्या चार हो गई है।

पुलिस महानिरीक्षक बस्तर रेंज सुंदरराज पट्टिलिंगम ने बताया कि “दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों और चुनौतीपूर्ण हालातों के बावजूद DRG, कोबरा और STF के जवान अनुशासन, रणनीतिक दक्षता और अदम्य साहस के साथ माओवादियों के विरुद्ध निर्णायक कार्रवाई कर रहे हैं।”

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्रारंभिक पहचान के आधार पर संकेत मिले हैं कि मारे गए माओवादियों में से एक नेशनल पार्क एरिया कमेटी का कुख्यात कैडर DVCM दिलीप बेड़जा हो सकता है। अन्य मारे गए कैडरों की भी उसी संगठन से संबद्धता की संभावना जताई गई है। पहचान की प्रक्रिया जारी है। फिलहाल क्षेत्र में सघन सर्चिंग अभियान लगातार जारी है।

Related Articles

Back to top button