Breaking News

बुलडोजर बनाम विधायक विक्रम मंडावी: 

नक्सल पीड़ितों के साथ हाइवे पर बैठे विधायक, बीजापुर में हाई वोल्टेज ड्रामा

बीजापुर (हिंदसत)। बीजापुर नगर में नक्सल पीड़ित परिवारों पर चल रही बुलडोजर कार्रवाई के बाद रविवार को हालात उस समय तनावपूर्ण हो गए, जब पीड़ितों के समर्थन में बीजापुर विधायक विक्रम मंडावी स्वयं सड़क पर उतर आए। नए बस स्टैंड के पास मुख्य हाइवे पर विधायक पीड़ितों के साथ धरने पर बैठ गए, जिससे शहर में हाई प्रोफाइल ड्रामा देखने को मिला।

गौरतलब है कि प्रशासन पिछले दो दिनों से बस स्टैंड के पीछे बसे नक्सल पीड़ित परिवारों के आवासों को अवैध अतिक्रमण बताते हुए हटाने की कार्रवाई कर रहा है। इस कार्रवाई से कई परिवारों के सामने बेघर होने का संकट खड़ा हो गया है।

रविवार को विधायक विक्रम मंडावी पीड़ित परिवारों से मिलने पहुंचे। उनकी पीड़ा सुनने के बाद उन्होंने मौके पर ही धरना शुरू कर दिया। विधायक के सड़क पर बैठते ही माहौल और गर्म हो गया और कुछ समय के लिए मुख्य मार्ग पर यातायात भी प्रभावित रहा।

करीब एक घंटे बाद नगर पालिका के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) बी.एल. नूरेटी मौके पर पहुंचे। यहां विधायक और अधिकारियों के बीच पीड़ितों के पुनर्वास और वैकल्पिक बसाहट को लेकर चर्चा जारी है।

पीड़ित परिवारों का कहना है कि वे पहले ही नक्सल हिंसा के चलते अपना सब कुछ छोड़कर यहां आकर बसे हैं और अब प्रशासन की इस कार्रवाई से उनका आशियाना दोबारा उजड़ने की कगार पर है। विधायक के समझाइश के बाद पीड़ित सड़क से उठे और चर्चा के लिए बस स्टैंड की ओर बढ़े।

विधायक विक्रम मंडावी ने प्रशासन पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि “गरीब और नक्सल पीड़ितों पर बुलडोजर चलाया जा रहा है, जबकि भाजपा के प्रभावशाली लोगों द्वारा किए गए अतिक्रमण पर कार्रवाई नहीं हो रही। यह अन्याय है और इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।” उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नेता संजू लुंकड मुख्यमार्ग के पेट्रोल पंप के पास अतिक्रमण किया है।

Related Articles

Back to top button