Breaking News

बीजापुर में गरीबों के मकानों पर बुलडोजर कार्रवाई चिंता जनक – विक्रम मंडावी

नक्सल पीड़ितों और डीआरजी जवानों के घर जमींदोज, भाजपा नेता के अवैध कब्जे पर चुप्पी का आरोप

बीजापुर (हिन्दसत)। बीजापुर विधायक विक्रम मंडावी ने न्यू बस स्टैंड के पीछे स्थित चट्टानपारा क्षेत्र में नगर पालिका और जिला प्रशासन द्वारा की गई बुलडोजर कार्रवाई पर गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने इस कार्रवाई को तानाशाही करार देते हुए कहा कि रविवार को हुई इस कार्रवाई में 100 से अधिक गरीबों के मकानों को ध्वस्त किया गया, जो अत्यंत निंदनीय है।

विधायक विक्रम मंडावी द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में आरोप लगाया कि भाजपा की “डबल इंजन सरकार” की नीति दोहरी है। एक ओर नक्सलियों को घर, नौकरी और सुविधाएं दी जा रही हैं, वहीं दूसरी ओर नक्सल पीड़ितों और गरीबों के घरों पर बुलडोजर चलाया जा रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर गरीबों के साथ यह भेदभाव क्यों?

भाजपा नेता के अवैध कब्जे पर उठाए सवाल

विक्रम मंडावी ने आरोप लगाया कि भाजपा बीजापुर जिला महामंत्री एवं ठेकेदार संजय लुंकड़ द्वारा सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा कर पेट्रोल पंप संचालित किया जा रहा है, लेकिन जिला प्रशासन इस मामले में मौन है। उन्होंने सवाल किया कि क्या प्रशासन भाजपा नेता की भूमि की जांच करेगा या कार्रवाई केवल गरीबों तक ही सीमित रहेगी।

नक्सल पीड़ित और डीआरजी जवान भी हुए प्रभावित

विधायक मंडावी ने कहा कि जिन मकानों को तोड़ा गया, उनमें अधिकांश लोग नक्सल पीड़ित और डीआरजी के जवान हैं, जो नगर पालिका को नियमित रूप से संपत्ति कर सहित अन्य करों का भुगतान करते आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि अचानक भारी पुलिस बल के साथ इस प्रकार की कार्रवाई करना प्रशासन की संवेदनहीनता को दर्शाता है।

मानवीय संवेदनाओं को किया गया दरकिनार

विधायक विक्रम मंडावी ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा महज एक नोटिस के आधार पर इतनी बड़ी कार्रवाई करना अनुचित है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस कार्रवाई ने प्रशासन और सरकार की मानवीय संवेदनाओं को तार-तार कर दिया है और इसकी जितनी भी आलोचना की जाए कम है। उन्होंने इसे गरीबों को प्रताड़ित करने की सोची-समझी साजिश बताया और निष्पक्ष जांच की मांग की।

प्रभावित परिवारों को राहत देने की मांग

विधायक विक्रम मंडावी ने सरकार से मांग की कि जिन परिवारों के मकान तोड़े गए हैं, उन्हें तत्काल राहत दी जाए और जिस स्थान पर वे पहले रहते थे, वहीं पक्का मकान बनाकर दिया जाए। साथ ही उन्होंने पूरी कार्रवाई की पारदर्शी रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग की।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोहराई गईं, तो भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ उग्र आंदोलन किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button