Breaking News

संयुक्त प्रेसवार्ता में CPI और कांग्रेस का BJP पर हमला

“बीजापुर में घर तोड़ो, ठेकेदार को ज़मीन दो” – विधायक विक्रम मंडावी का आरोप

बीजापुर (हिन्दसत)। जिला मुख्यालय के चट्टानपारा क्षेत्र में कांग्रेस विधायक विक्रम मंडावी और सीपीआई के जिला सचिव कमलेश झाड़ी ने संयुक्त प्रेसवार्ता कर भाजपा सरकार, जिला प्रशासन और नगर पालिका परिषद पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने बताया कि 16 और 17 जनवरी 2026 को चट्टानपारा क्षेत्र में 100 से अधिक पक्के एवं कच्चे मकानों पर बुलडोजर चलाकर उन्हें ध्वस्त कर दिया गया, जो अमानवीय और निंदनीय है।

विधायक विक्रम मंडावी ने कहा कि बस्तर संभाग संविधान की पाँचवीं अनुसूची के अंतर्गत आता है और यह आदिवासी बहुल क्षेत्र है। ऐसे संवेदनशील क्षेत्र में आदिवासी परिवारों के घरों को तोड़ना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने आरोप लगाया कि एक ओर सरकार आत्मसमर्पित नक्सलियों को विभिन्न सुविधाएँ प्रदान कर रही है, वहीं दूसरी ओर नक्सल पीड़ित गरीब आदिवासी परिवारों और डीआरजी जवानों के परिजनों के घरों को तोड़ा जा रहा है। उन्होंने इसे भाजपा सरकार की “दोहरी नीति” करार दिया।

जमीन आवंटन पर उठे सवाल

प्रेसवार्ता के दौरान विधायक मंडावी ने भाजपा नेता, जिला महामंत्री एवं ठेकेदार संजय लुंकड़ को मिली विभिन्न जमीनों की निष्पक्ष जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि जनता को यह जानने का अधिकार है कि ये जमीनें किन नियमों और मापदंडों के आधार पर आवंटित की गईं। उन्होंने पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कर रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग की।

सीपीआई का आरोप

सीपीआई जिला सचिव कमलेश झाड़ी ने कहा कि भाजपा सरकार आदिवासियों के जल, जंगल और जमीन को प्रभावशाली लोगों और ठेकेदारों के हाथों सौंपने का काम कर रही है। उन्होंने मांग की कि प्रभावित परिवारों को तत्काल उचित मुआवजा दिया जाए और उसी स्थान पर वैकल्पिक आवास की व्यवस्था की जाए।

उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि यदि पीड़ितों को न्याय नहीं मिला तो कलेक्ट्रेट और नगर पालिका कार्यालय का घेराव किया जाएगा।प्रेसवार्ता के दौरान बड़ी संख्या में प्रभावित परिवार और स्थानीय नागरिकगण मौजूद थे।

Related Articles

Back to top button