Breaking News

पूर्व सरपंच की नक्सलियों ने गोली मारकर हत्या, गांव में फैली दहशत

खेत में मौजूद ग्रामीणों के सामने दिया वारदात को अंजाम, पुलिस जांच में जुटी

बीजापुर (हिन्दसत)। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले से नक्सली हिंसा की एक गंभीर और सनसनीखेज घटना सामने आई है। पामेड़ थाना क्षेत्र के कावरगट्टा गांव में नक्सलियों ने पूर्व सरपंच भीमा मडकम की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे गांव में भय और दहशत का माहौल व्याप्त है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार भीमा मडकम मंगलवार को अपने खेत में मौजूद थे, उसी दौरान हथियारबंद नक्सली अचानक वहां पहुंचे और ग्रामीणों के सामने ही उन्हें निशाना बनाकर गोली चला दी। गोली लगते ही उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद नक्सली मौके से फरार हो गए।

बताया जा रहा है कि भीमा मडकम आज ही दंतेवाड़ा जिले के बचेली से अपने गांव लौटे थे। उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व भी उन पर नक्सली हमला हो चुका था, लेकिन तब वे किसी तरह बच गए थे।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस एवं सुरक्षा बल मौके पर पहुंचे और क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू कर दी गई है। आसपास के जंगलों में सर्च ऑपरेशन भी चलाया जा रहा है।

पुलिस का आधिकारिक बयान

बीजापुर पुलिस द्वारा जारी सूचना में कहा गया है कि – ग्राम कंचाल निवासी भीमा मड़कम (उम्र लगभग 35-40 वर्ष) की ग्राम कावरगट्टा में अज्ञात व्यक्तियों द्वारा हत्या की सूचना थाना पामेड़ में प्राप्त हुई है।

सूचना के आधार पर थाना पामेड़ पुलिस द्वारा घटना की तस्दीकी की जा रही है एवं अतिरिक्त बल को मौके के लिए रवाना किया गया है। घटना की पुष्टि उपरांत विस्तृत जानकारी दी जाएगी।

Related Articles

Back to top button