नितिन नबीन का नेतृत्व कार्यकर्ताओं को देगा नई ऊर्जा

पूर्व मंत्री महेश गागड़ा व भाजपा जिलाध्यक्ष घासीराम नाग ने दी बधाई
बीजापुर(हिन्दसत)। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद पर नितिन नबीन के सर्वसम्मति से निर्वाचित होने पर जिले में हर्ष का माहौल है। इस अवसर पर पूर्व मंत्री महेश गागड़ा एवं भाजपा जिलाध्यक्ष घासीराम नाग ने नितिन नबीन को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की।

भाजपा जिलाध्यक्ष घासीराम नाग ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष का निर्वाचन केवल एक औपचारिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि यह पार्टी की संगठनात्मक एकता, अनुशासन और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति अटूट प्रतिबद्धता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि एक युवा नेता के रूप में नितिन नबीन का नेतृत्व कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार करेगा और पार्टी के आदर्शों को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा।
उन्होंने यह भी कहा कि छत्तीसगढ़ के सह प्रभारी एवं प्रभारी के रूप में नितिन नबीन के मार्गदर्शन में विधानसभा, निकाय और पंचायत चुनावों में पार्टी ने ऐतिहासिक प्रदर्शन किया है, जो उनके कुशल संगठनात्मक नेतृत्व को दर्शाता है।
पूर्व मंत्री महेश गागड़ा ने कहा कि नितिन नबीन का चयन भाजपा की सुदृढ़ लोकतांत्रिक परंपराओं और सामूहिक नेतृत्व की भावना को प्रतिबिंबित करता है। उन्होंने विश्वास जताया कि स्पष्ट दृष्टि, मजबूत संगठन क्षमता और राष्ट्रसेवा के संकल्प के साथ उनका नेतृत्व पार्टी को और अधिक सशक्त बनाएगा।
गागड़ा ने कहा कि आने वाले समय में नितिन नबीन के नेतृत्व में भाजपा विकास, सुशासन और राष्ट्रनिर्माण के लक्ष्यों को और मजबूती से आगे बढ़ाएगी, जिससे कार्यकर्ताओं में उत्साह और ऊर्जा का संचार होगा।




