छत्तीसगढ़ में 5वीं-8वीं की परीक्षाएं अब बोर्ड पैटर्न पर

लोक शिक्षा संचालनालय ने जारी की समय-सारिणी, 16-17 मार्च से परीक्षा शुरू
रायपुर (हिन्दसत)। छत्तीसगढ़ की प्राथमिक और माध्यमिक शिक्षा व्यवस्था में इस वर्ष बड़ा बदलाव होने जा रहा है। लोक शिक्षा संचालनालय द्वारा कक्षा 5वीं और 8वीं की वार्षिक परीक्षाओं की समय-सारिणी जारी कर दी गई है, जिन्हें अब बोर्ड पैटर्न पर आयोजित किया जाएगा।

जारी कार्यक्रम के अनुसार कक्षा 5वीं की परीक्षा 16 मार्च से शुरू होगी वहीं कक्षा 8वीं की परीक्षा 17 मार्च से प्रारंभ होगी। दोनों ही परीक्षाएं सुबह 9 बजे से आयोजित की जाएंगी।
यह व्यवस्था केवल राज्य के शासकीय, अशासकीय अनुदान प्राप्त एवं मान्यता प्राप्त स्कूलों पर लागू होगी। जबकि सीबीएसई और आईसीएसई बोर्ड से संबद्ध स्कूलों के विद्यार्थी इस व्यवस्था से बाहर रहेंगे।

लोक शिक्षा संचालनालय के अनुसार
कक्षा 5वीं की परीक्षा कुल 50 अंकों की होगी, जिसमें-
- 40 अंक लिखित परीक्षा
- 10 अंक प्रोजेक्ट कार्य के होंगे
- परीक्षा समय: सुबह 9 से 11 बजे तक
कक्षा 8वीं की परीक्षा कुल 100 अंकों की होगी, जिसमें-
- 80 अंक लिखित परीक्षा
- 20 अंक प्रोजेक्ट कार्य के लिए निर्धारित
- परीक्षा समय: सुबह 9 से दोपहर 12 बजे तक होंगे।
शिक्षा विभाग का मानना है कि इस व्यवस्था से छात्रों में प्रारंभ से ही परीक्षा की गंभीरता और शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार आएगा।




