मनरेगा मजदूरों और किसानों के साथ कांग्रेस का हर कार्यकर्ता खड़ा – लालू राठौर

मनरेगा बहाली और धान खरीदी की तिथि बढ़ाने की मांग को लेकर कांग्रेस का धरना-प्रदर्शन व चक्काजाम
बीजापुर (हिन्दसत)। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) एवं छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार शुक्रवार को बीजापुर जिले के विभिन्न स्थानों बीजापुर, भैरमगढ़, उसूर, गंगालूर और कुटरू में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार द्वारा महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) को समाप्त कर नए कानून से प्रतिस्थापित किए जाने तथा छत्तीसगढ़ में धान खरीदी की अवधि बढ़ाने की मांग को लेकर धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने चक्काजाम कर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मनरेगा कानून ग्रामीण मजदूरों को रोजगार की कानूनी गारंटी देता था। इसके समाप्त होने से ठेकेदारी प्रथा को बढ़ावा मिला है, जिससे बेरोजगारी, महंगाई, भ्रष्टाचार और गरीबी में इज़ाफा हुआ है। इसका सीधा असर ग्रामीण अर्थव्यवस्था और देश की आर्थिक स्थिति पर पड़ रहा है। कांग्रेस ने मांग की कि मजदूरों के अधिकारों की रक्षा हेतु मनरेगा कानून को पुनः बहाल किया जाए।

साथ ही कांग्रेस ने धान खरीदी की तिथि बढ़ाने की भी मांग की। नेताओं ने कहा कि बीजापुर जिले सहित प्रदेश के बड़ी संख्या में किसानों के टोकन अब तक नहीं कट पाए हैं, जिससे वे अपना धान नहीं बेच पा रहे हैं। लंबे इंतजार के कारण किसान मानसिक और आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। भाजपा सरकार ने 2023 के विधानसभा चुनाव में अपने घोषणा-पत्र ‘मोदी की गारंटी’ के तहत हर किसान का एक-एक दाना खरीदने का वादा किया था, जिसे अब पूरा नहीं किया जा रहा है।
धरना-प्रदर्शन के पश्चात जिला कांग्रेस कमेटी बीजापुर के अध्यक्ष लालू राठौर ने कहा कि
भाजपा की डबल इंजन सरकार ने ‘मोदी की गारंटी’ के नाम पर किसानों से जो वादे किए थे, आज उनसे मुंह मोड़ लिया है। सरकार को अपने घोषणा-पत्र के अनुसार सभी किसानों का धान खरीदना चाहिए और उन्हें उपज बेचने के लिए पर्याप्त समय देना चाहिए।

उन्होंने आगे कहा कि केंद्र की मोदी सरकार द्वारा मनरेगा कानून को समाप्त करना मजदूरों और गरीबों के अधिकारों पर सीधा हमला है। इससे बेरोजगारी और गरीबी और बढ़ेगी। कांग्रेस पार्टी का हर कार्यकर्ता मनरेगा मजदूरों और किसानों को न्याय मिलने तक उनके साथ संघर्ष करता रहेगा।
धरना-प्रदर्शन में जिला पंचायत सदस्य नीना रावतिया उद्दे, आर. वेणुगोपाल राव, पुरुषोत्तम सल्लूर, शेख रजिया, संजना चौहान, गीता कमल, रितेश दास, कलाम खान, ललिता झाड़ी, संतोष गुप्ता, श्यामू गुप्ता, कल्याण सिंह, एजाज सिद्दीकी, विजय सोढ़ी, राजीव सिंह, ब्रिज कावरे, लच्छू ओयाम, जगदीश गांधरला, विजय तंबोली और सुखराम कुडियम सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे।

